![]()
कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र के मूर्कमनाय गांव में एक घर में आग लग गई। शॉर्ट सर्किट से लगी इस आग में लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। पीड़ित परिवार ने जिला प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। यह घटना बानो खातून के घर में हुई। बानो खातून ने बताया कि वह परिवार के साथ घर के अंदर थीं, तभी बरामदे से धुआं उठने लगा। बाहर आकर देखा तो आग की तेज लपटें निकल रही थीं। उन्होंने तुरंत शोर मचाकर परिवार के सभी सदस्यों को बाहर निकाला और पड़ोसियों को इकट्ठा किया। ग्रामीणों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को फोन किया और खुद आग बुझाने में जुट गए। ग्रामीणों ने कुएं और मोटर के पानी से आग पर काबू पाया। फायर ब्रिगेड की टीम पहुंचने से पहले ही आग बुझ चुकी थी। बानो खातून के मुताबिक, इस आग में चावल, गेहूं, धान, पशु चारा, जलाने वाली लकड़ी और जेट पंप समेत कई चीजें जल गईं। उन्हें एक लाख रुपए से ज्यादा का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से आपदा प्रबंधन के तहत मुआवजा देने की अपील की है।
कोडरमा में शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग:एक लाख रुपए से ज्यादा का सामान जला, पीड़ित परिवार ने मुआवजे की मांग की
