![]()
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम गुरुवार सुबह पश्चिम बंगाल से कोडरमा पहुंची। टीम ने जिले के नवलशाही थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की। टीम ने सुबह करीब 4 बजे नवादा मौजा स्थित एक मैगजीन में छापेमारी शुरू की। यह मैगजीन शंकर यादव द्वारा संचालित बताया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यहां अवैध रूप से विस्फोटक के भंडारण और सप्लाई की सूचना NIA को मिली थी। जिसके बाद यह कार्रवाई की गई। छापेमारी के दौरान इलाके में हड़कंप की स्थिति बनी रही। सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय पुलिस भी मौके पर तैनात रही। NIA रेड से जुड़ी तस्वीरें देखें….. घर पर भी तलाशी, दस्तावेज खंगाले; संचालक हिरासत में NIA की टीम ने मैगजीन के साथ-साथ शंकर यादव के बतडीहा स्थित आवास पर भी छापेमारी की। इस दौरान टीम ने कई महत्वपूर्ण दस्तावेजों की जांच की और संदिग्ध कागजात अपने कब्जे में लिए। इसके बाद शंकर यादव को गिरफ्तार कर कोडरमा थाना लाया गया। जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि अवैध विस्फोटक का नेटवर्क कितना बड़ा है। इसमें किन-किन लोगों की संलिप्तता है। इस पूरी कार्रवाई में कोडरमा पुलिस के अधिकारी भी NIA टीम का सहयोग कर रहे हैं। दो गिरफ्तार, कोलकाता से जुड़ा मामला मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि NIA ने मैगजीन संचालक शंकर यादव के साथ-साथ उनके सहयोगी महेश कुमार मेहता को भी गिरफ्तार किया है। महेश कुमार मेहता डोमचांच थाना क्षेत्र के नावाडीह गांव के निवासी हैं। जिले के एसपी के अनुसार, इस पूरे मामले का तार पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से जुड़ा हुआ है। क्या है छापेमारी के पीछे की वजह मिली जानकारी के अनुसार वर्ष 2024 में शंकर यादव के मां दुर्गा इंटरप्राइजेज से विस्फोटक का कुछ बंडल धनबाद स्थित किसी खादान के लिए वैध कागजात के साथ भेजा गया था। उक्त विस्फोटक के बंडल से कुछ विस्फोटक को अवैध रूप से पश्चिम बंगाल के बांकुरा एक मोटरसाइकिल के माध्यम स भेजा जा रहा था। इसी दौरान बांकुरा पहुंचने से कुछ दूरी पहले ही उक्त मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के समय बाइक का इंजन गर्म होने के कारण उक्त विस्फोटक के उसमें सटते ही वह ब्लास्ट हो गया। बांकुरा थाना में इसको लेकर 8 अक्टूबर को 16/24 एक मामला दर्ज हुआ। मामला दर्ज होने के बाद स्थानीय लोगों के विरोध और NIA द्वारा इसकी जांच की मांग तेज़ हो गई थी। इसके बाद NIA को इसकी जांच सौंप दी गई। जांच के क्रम में यह बात सामने आई कि उक्त मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति धनबाद से विस्फोटक लेकर बांकुरा जा रहा था। इसके बाद NIA की टीम धनबाद पहुंची और मामले की जांच की। जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि उक्त विस्फोटक कोडरमा के शंकर यादव के मैगजीन से धनबाद आई थी। इधर जांच के क्रम में NIA को यह पता चला कि धनबाद से बांकुरा जा रही अवैध विस्फोटक की जानकारी शंकर यादव तथा उसके सहयोगी महेश मेहता को भी थी। जिसको लेकर NIA की टीम कोडरमा पहुंची और छापेमारी की। 7-7 पुलिसकर्मियों की 4 टीम NIA के साथ छापेमारी में थी शामिल बताते चलें कि इस छापेमारी में बंगाल से आई NIA के 12 पदाधिकारियों के साथ कोडरमा के 28 पुलिसकर्मी शामिल थे। जिसे 7-7 पुलिसकर्मियों (6 पुरुष पुलिसकर्मी तथा 1 महिला पुलिसकर्मी) की 4 टीम बनाई गई थी, जो कोडरमा जिले के तीन थाना क्षेत्रों (सदर थाना, डोमचांच थाना और नवलशाही थाना) के शंकर यादव के चार ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। घर से 16 लाख नगद और जमीन के 22 दस्तावेज भी बरामद इधर NIA की छापेमारी के दौरान शंकर यादव के मकान से 16 लाख रुपए नगद सहित अलग-अलग जमीन के 22 दस्तावेज भी बरामद हुए हैं। NIA इन सभी दस्तावेजों को गंभीरता से जांच कर रही है और इस पूरे मामले को अलग-अलग घटनाओं से जोड़कर भी देख रही है। बताया जाता है कि इस मामले में शंकर यादव को पहले बांकुड़ा बुलाया गया था, लेकिन वह स्थानीय स्तर पर मामला संभालकर लौट आया था। अब NIA इसी नेटवर्क और अवैध विस्फोटक सप्लाई कड़ी की जांच कर रही है।

