![]()
कोशी क्षेत्र (सहरसा, सुपौल और मधेपुरा) को नशा मुक्त बनाने के लिए पुलिस द्वारा चलाया जा रहा “नशा मुक्त कोशी” अभियान जारी है। डीआईजी कार्यालय के आंकड़ों के अनुसार, पिछले एक सप्ताह में पुलिस ने 41 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। डीआईजी कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 27 जून से 3 जुलाई 2026 के बीच कोशी क्षेत्र के तीनों जिलों में विशेष छापेमारी की गई। इस दौरान पुलिस ने 1861.135 लीटर अवैध शराब, 21.382 ग्राम स्मैक, 200 ग्राम गांजा, 1.7 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप, 205 नशीली टैबलेट और 4230 एमएल नशीला इंजेक्शन जब्त किया। पुलिस ने 20,000 रुपये नकद, 6 मोटर साइकिल, 1 तिपहिया वाहन, 1 चार पहिया गाड़ी और 5 मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इस कार्रवाई में शराब तस्करी के आरोप में 34 और सूखे नशे के कारोबार में शामिल 7 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। ‘नशा मुक्त कोशी’ अभियान की शुरुआत फरवरी 2026 में हुई थी। तब से लेकर अब तक पुलिस ने इस क्षेत्र में नशा कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई की है। अभियान के तहत अब तक कुल 49,208.08 लीटर अवैध शराब, 2125.02 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप, 3974.077 किलोग्राम गांजा और 4122.222 ग्राम स्मैक जब्त की जा चुकी है। कार्रवाई के दौरान तस्करों के पास से 2 विदेशी पिस्टल, 1 देसी कट्टा, 3 मैगजीन, 5 कारतूस, 10 मोबाइल, 2 कार, 1 नाव के साथ ही 52,83,914 रुपये भारतीय मुद्रा और 27,570 रुपये नेपाली मुद्रा भी बरामद की गई है। इस पूरे अभियान में अब तक कुल 1321 बड़े-छोटे तस्करों को जेल भेजा जा चुका है। डीआईजी ने आम जनता से अपील की है कि वे नशा तस्करों के बारे में सटीक सूचना दें, उनकी पहचान गोपनीय रखी जाएगी और सूचना देने वाले को इनाम भी मिलेगा। कोशी रेंज के पुलिस उप-महानिरीक्षक ने क्षेत्र के आम नागरिकों से इस अभियान में और अधिक बढ़-चढ़कर सहयोग करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि लोग नशा से जुड़ी किसी भी प्रकार की जानकारी हेल्पलाइन नंबर 9060384865 पर कॉल, मैसेज या व्हाट्सएप के माध्यम से साझा कर सकते हैं। नागरिक नशा कारोबारियों के नाम, पते, उनके ठिकानों की जानकारी और संभव हो तो फोटो या वीडियो भी इस नंबर पर भेज सकते हैं। सूचना देने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर और पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी। इसके साथ ही, जिन सूचनाओं के आधार पर पुलिस को बड़ी सफलता मिलेगी, उन्हें डीआईजी द्वारा यथोचित रूप से पुरस्कृत भी किया जाएगा। कोशी क्षेत्र पुलिस ने नशा मुक्ति के इस संकल्प को पूरा करने के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।

