![]()
खगड़िया में शनिवार को कोशी कॉलेज परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान ट्रैफिक और परिवहन विभाग से संबंधित ई-चालान और जुर्माने के मामलों का निपटारा किया गया। दिनभर पांच विशेष बेंचों पर सुनवाई के लिए बड़ी संख्या में वाहन चालक पहुंचे, जिससे परिसर में भारी भीड़ देखी गई। जिले में ट्रैफिक, यातायात और परिवहन नियमों के उल्लंघन से जुड़े लगभग 16 हजार ई-चालान मामले लंबित थे। इनमें परिवहन विभाग के करीब पांच हजार और ट्रैफिक विभाग के लगभग 11 हजार चालान शामिल थे। जिला विधिक सेवा प्राधिकार ने इन मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए संबंधित वाहन चालकों को मोबाइल कॉल और एसएमएस के माध्यम से सूचित किया था। लोगों की सुविधा के लिए परिसर में पांच हेल्प डेस्क काउंटर स्थापित किए गए थे। यहां तैनात कर्मचारियों ने वाहन चालकों को चालान जमा करने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और अन्य औपचारिकताओं की जानकारी दी। इसके बाद, ट्रैफिक और परिवहन विभाग के अलग-अलग काउंटरों पर लोगों ने जुर्माने की राशि जमा कर अपने मामलों का निपटारा कराया। दिनभर काउंटरों पर लंबी कतारें लगी रहीं। राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान परिसर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए दंडाधिकारी, पुलिस अधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। प्रतिनियुक्त अधिकारी लगातार व्यवस्था का जायजा लेते रहे और अधीनस्थ कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे। भीषण गर्मी को देखते हुए आम लोगों की सुविधा के लिए परिसर में टेंट, पेयजल, कूलर और बैठने की समुचित व्यवस्था भी की गई थी। प्रशासनिक व्यवस्था और त्वरित प्रक्रिया से लोगों ने राहत महसूस की और कम समय में अपने लंबित चालान मामलों का निष्पादन कराया।

