![]()
खगड़िया के मथुरापुर मोहल्ले में शुक्रवार देर रात एक वीडियोग्राफर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राजा ठाकुर के सबसे छोटे पुत्र विशाल कुमार ठाकुर के रूप में हुई है। विशाल स्थानीय स्तर पर वीडियो शूटिंग और एडिटिंग का काम करता था। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना से पहले विशाल की एक युवती से मोबाइल फोन पर बातचीत के दौरान कहासुनी हुई थी। इसके बाद उसने अपने घर के कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। विशाल अपने दो भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। स्थानीय लोगों के बीच इस आत्महत्या का कारण प्रेम प्रसंग बताया जा रहा है। चर्चा है कि घटना से पहले युवक का एक युवती से मोबाइल फोन पर विवाद हुआ था। हालांकि, पुलिस ने अभी तक आत्महत्या के किसी भी कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। नगर थाना अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। उन्होंने बताया कि मामले में यूडी केस दर्ज कर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मृतक के मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद ही आत्महत्या के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस फिलहाल सभी पहलुओं से मामले की जांच में जुटी है।

