![]()
खगड़िया नगर परिषद ने शहरवासियों को विकास की दोहरी सौगात दी है। वार्ड संख्या-08 और वार्ड संख्या-31 में लगभग ₹34.68 लाख की लागत से दो महत्वपूर्ण योजनाओं का उद्घाटन और शुभारंभ किया गया। नगर सभापति अर्चना कुमारी ने फीता काटकर इन परियोजनाओं का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सभापति अर्चना कुमारी ने कहा कि नगर परिषद का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड में गुणवत्तापूर्ण आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने जोर दिया कि परिषद केवल योजनाओं की घोषणा नहीं कर रही, बल्कि उन्हें धरातल पर उतारकर लोगों तक विकास का लाभ पहुंचा रही है। पीसीसी सड़क निर्माण योजना का शुभारंभ किया
वार्ड संख्या-08 में करीब ₹27.48 लाख की लागत से पीसीसी सड़क निर्माण योजना का शुभारंभ किया गया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि इस सड़क के बनने से वर्षों पुरानी आवागमन की समस्या दूर होगी। बरसात में कीचड़ और जर्जर सड़क के कारण होने वाली परेशानी से अब छात्रों, महिलाओं, बुजुर्गों और आम नागरिकों को राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त, वार्ड संख्या-31 स्थित बलुआही बस स्टैंड के पास लगभग ₹7.20 लाख की लागत से निर्मित आरसीसी नाले का उद्घाटन किया गया। लोगों का कहना है कि इस नाले के निर्माण से जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी और बरसात के दौरान जलजमाव की समस्या से निजात मिलेगी। इससे क्षेत्र की स्वच्छता और यातायात व्यवस्था में भी सुधार आएगा। निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए
सभापति ने बताया कि सड़क, नाला, पुलिया, पार्क, सामुदायिक शौचालय, पोखर सौंदर्यीकरण और प्रकाश व्यवस्था जैसी जनहित की योजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों और संवेदकों को निर्माण कार्यों की गुणवत्ता बनाए रखने तथा निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए। इस कार्यक्रम में सभापति प्रतिनिधि ज्योतिष मिश्रा, वार्ड पार्षद प्रणव कुमार, ऋतुराज कुमार, पप्पू यादव, गुलशन कुमार, धर्मवीर सहनी, कुंजबिहारी पासवान, राजेश कुमार सहनी, निरंजन ठाकुर, चंदन चौधरी, दिनेश सहनी, बबलू सहनी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। शहर की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी
स्थानीय लोगों ने नगर परिषद द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि इन योजनाओं से शहर की आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी और आम लोगों के दैनिक जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा।

