Friday, August 14, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

खड़गे के कार्यक्रम स्थल को गंगाजल से धोने का विरोध:दरभंगा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने निकाला पैदल मार्च, बोले- दलित नेता से ऐसा व्यवहार दुर्भाग्यपूर्ण


उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मल्लिकार्जुन खड़गे के कार्यक्रम स्थल को कथित तौर पर गंगाजल से धोने की घटना के विरोध में शुक्रवार को दरभंगा जिला कांग्रेस कमेटी (अर्बन) के तत्वावधान में पैदल मार्च निकाला गया। जिला अध्यक्ष डॉ. जमाल हसन के नेतृत्व में निकला मार्च जिला कांग्रेस कार्यालय से शुरू होकर लहेरियासराय टावर स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा तक पहुंचा। मार्च के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ‘दलितों का अपमान नहीं सहेगा हिंदुस्तान’, ‘कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद’ और ‘मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी जिंदाबाद’ के नारे लगाए। इस दौरान लहेरियासराय टावर इलाका नारों से गूंजता रहा। मार्च के बाद मीडिया से बातचीत में जिला कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. जमाल हसन ने कहा कि आजादी के दशकों बाद भी किसी दलित नेता के साथ इस तरह का व्यवहार किया जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि यदि कार्यक्रम स्थल को खड़गे के कार्यक्रम के बाद गंगाजल से धोया गया है, तो यह केवल एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों और दलित समाज के सम्मान का भी अपमान है। उन्होंने कहा, “जिस मानसिकता ने खड़गे जी के कार्यक्रम स्थल को गंगाजल से धोया, वही मानसिकता देश के करोड़ों दलितों को बराबरी का अधिकार देने वाले संविधान को भी कमजोर करना चाहती है।” ‘भाजपा शासनकाल में भेदभाव, नफरत की राजनीति को बढ़ावा मिला’ डॉ. जमाल हसन ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसके शासनकाल में दलितों और अल्पसंख्यकों के खिलाफ भेदभाव और नफरत की राजनीति को बढ़ावा मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस समानता, संविधान और सामाजिक न्याय की लड़ाई जारी रखेगी। उन्होंने घटना में शामिल लोगों की पहचान कर तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय दल के अध्यक्ष और वरिष्ठ राज्यसभा सांसद के साथ यदि इस तरह का व्यवहार किया जा सकता है, तो आम दलित नागरिकों के साथ होने वाले भेदभाव की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। कांग्रेस ऐसी घटनाओं को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। मार्च में कांग्रेस प्रदेश महासचिव डॉ. मुन्ना खान, पूर्व जिला अध्यक्ष सीताराम चौधरी, दयानंद पासवान, मोहम्मद असलम, रीता मिश्रा, रतिकांत झा, रमन झा, दिनेश्वर राय, प्रिंस परवेज, हसमत अली अंसारी, धनंजय सिंह, शादाब अतिकी, मो इरशाद, मो चांद, राघवेंद्र कुमार, बसंत कुमार झा, डॉ. अपर्णा पाठक, आदित्य सिंह, मो अफसार, मो इनायतुल्ला, मो परवेज, मो अंसार, विमले ठाकुर और भागीरथी देवी समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles