![]()
अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा (खेग्रामस) ने अलीनगर प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) को एक ज्ञापन सौंपा है। यह ज्ञापन संगठन द्वारा 13 से 14 अगस्त तक चलाए गए दो दिवसीय राज्यस्तरीय कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को दिया गया। इसमें प्रखंड क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की गई है। ज्ञापन में मुख्य रूप से गरीबों, महिलाओं, भूमिहीन परिवारों और मजदूरों से जुड़ी कई मांगें शामिल हैं। संगठन ने सरकारी जमीन पर बसे गरीब एवं भूमिहीन परिवारों के खिलाफ बुलडोजर चलाने की कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। साथ ही, उन्हें उसी जमीन का पर्चा (भूमि का अधिकार पत्र) देने की भी मांग की गई है। संगठन ने ग्राम श्यामपुर, पंचायत नवानगर से संबंधित एक विशेष मामले का भी उल्लेख किया। ज्ञापन में बताया गया कि वहां 87 भूमिहीन परिवारों को पर्चा दिए जाने के बावजूद अब तक उन्हें जमीन पर कब्जा नहीं दिलाया गया है। खेग्रामस ने प्रशासन से पात्र परिवारों को उनके पर्चे के अनुसार जमीन पर कब्जा दिलाने की मांग की है। अन्य मांगों में गरीबों के लिए महादलित आवास योजना के तहत जमीन उपलब्ध कराना, भूमिहीन परिवारों को आवासीय भूमि का पर्चा देना, सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना और मजदूरों से संबंधित समस्याओं का समाधान करना शामिल है। खेग्रामस ने मनरेगा मजदूरों को समय पर काम और मजदूरी उपलब्ध कराने, मजदूरी भुगतान में पारदर्शिता बरतने तथा गांवों में विकास कार्यों को गति देने की भी मांग की है। संगठन ने अलीनगर प्रखंड में किसान-मजदूरों से जुड़ी सभी समस्याओं के शीघ्र समाधान के लिए प्रशासन से आवश्यक कार्रवाई का आग्रह किया है।

