![]()
सुपौल जिले की वीणा बभंगामा पंचायत के वार्ड संख्या-12 में गुरुवार को खेत में बिजली का करंट लगने से 38 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, सुपौल भेज दिया। मृतक के बड़े भाई भूप नारायण झा ने बताया कि उनका भाई सुबह खेत में सिंचाई के लिए मोटर चलाने गया था। काफी देर तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। इसी बीच गांव के कुछ लोगों ने सूचना दी कि वह खेत में अचेत अवस्था में पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। बिजली के करंट की चपेट में आ गया परिजनों के अनुसार, आसपास मौजूद लोगों ने बताया कि मोटर चालू करने के दौरान वह बिजली के करंट की चपेट में आ गया। आशंका है कि करंट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हालांकि मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण खेत पर पहुंच गए। मृतक अपने परिवार का कमाऊ सदस्य था। आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग उसकी असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता और उचित मुआवजा देने की मांग की है। सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि करंट किस परिस्थिति में लगा और कहीं विद्युत सुरक्षा में लापरवाही तो नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में मामला खेत में मोटर चलाने के दौरान करंट लगने का प्रतीत हो रहा है।

