![]()
गयाजी के आजाद हाई स्कूल चाकंद के प्रिंसिपल एस. नेयाजुद्दीन को झारखंड जूनियर गर्ल्स राष्ट्रीय फुटबॉल टीम का मुख्य चयनकर्ता नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति को खेल जगत के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। झारखंड फुटबॉल संघ ने आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता को देखते हुए यह जिम्मेदारी उन्हें सौंपी है। टीम के चयन के लिए 7 और 8 अगस्त को रांची के खेलगांव में चयन ट्रायल आयोजित होगा। इसमें झारखंड के अलग-अलग जिलों से प्रतिभाशाली महिला फुटबॉल खिलाड़ी अपनी दावेदारी पेश करेंगी। चयन प्रक्रिया की कमान अब एस. नेयाजुद्दीन के हाथों में होगी। अनुभव का मिलेगा फायदा एस. नेयाजुद्दीन पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी हैं। देश के प्रतिष्ठित मोहम्मडन स्पोर्टिंग क्लब, कोलकाता का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। मैदान के अनुभव के साथ-साथ खेल प्रशासन और खिलाड़ियों को तराशने में भी उनकी अलग पहचान रही है। यही कारण है कि झारखंड फुटबॉल संघ ने उन पर भरोसा जताया है। पिछले वर्ष झारखंड जूनियर गर्ल्स टीम ने राष्ट्रीय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया था। इस बार टीम के सामने खिताब बचाने की चुनौती होगी। ऐसे में चयनकर्ता की भूमिका और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। खेल जानकारों का मानना है कि एस. नेयाजुद्दीन के अनुभव का लाभ टीम को मिलेगा और प्रतिभा के आधार पर मजबूत टीम का गठन होगा। नियुक्ति की खबर मिलते ही गयाजी के खेल प्रेमियों में खुशी की लहर दौड़ गई। खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और विभिन्न खेल संगठनों ने उन्हें बधाई दी। सभी ने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी होगी। खेल प्रेमियों ने जताई खुशी जिला फुटबॉल से जुड़े मुनीर, खतीब समेत अन्य लोगों ने कहना कि यह नियुक्ति केवल एस. नेयाजुद्दीन का सम्मान नहीं है, बल्कि पूरे मगध क्षेत्र के फुटबॉल जगत के लिए गर्व का क्षण है। इससे क्षेत्र के युवा खिलाड़ियों का मनोबल भी बढ़ेगा। खासकर महिला फुटबॉल खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी। खेल विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे अनुभव, अनुशासन और खेल की गहरी समझ रखने वाले एस. नेयाजुद्दीन के नेतृत्व में झारखंड की जूनियर गर्ल्स टीम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत चुनौती पेश कर सकती है। उनकी नियुक्ति को खेल जगत में बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।
