गयाजी रेलवे जंक्शन पर ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने 3 चोरी के मोबाइल फोन के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। इसके साथ ही, स्टेशन परिसर में सघन एंटी सबोटेज चेकिंग अभियान भी चलाया गया। यह विशेष गश्ती और निगरानी अभियान रेलवे सुरक्षा बल के निरीक्षक प्रभारी बनारसी यादव के निर्देशन में चलाया गया। संयुक्त टीम गयाजी रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफॉर्म संख्या-1बी के दिल्ली छोर पर एक युवक संदिग्ध अवस्था में दिखा। सुरक्षा टीम को देखते ही वह भागने लगा, जिसके बाद जवानों ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पकड़े गए युवक की पहचान धीरज कुमार (25) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक ITEL कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल और INFINIX कंपनी के दो एंड्रॉयड मोबाइल बरामद हुए। इनमें से एक मोबाइल चालू था, जबकि दो लॉक स्थिति में थे। सुरक्षा बलों की पूछताछ में युवक ने स्वीकार किया कि ये मोबाइल यात्रियों से चुराए गए थे। बरामद मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 45 हजार रुपए बताई गई है। आरोपी को जीआरपी थाना गया ले जाया गया। वहां उप निरीक्षक धीरेंद्र कुमार के लिखित आवेदन पर कांड संख्या 131/26 मामला दर्ज कर पुलिस मामले की आगे की जांच में जुटी हुई है। संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की
इधर, गयाजी रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से आरपीएफ और जीआरपी द्वारा संयुक्त रूप से एंटी सबोटेज चेकिंग अभियान भी चलाया गया। इस अभियान के दौरान स्टेशन परिसर के प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, फुट ओवरब्रिज, ट्रैक क्षेत्र, मुख्य प्रवेश द्वार और अन्य संवेदनशील स्थानों की बारीकी से जांच की गई।
अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने विशेष रूप से लावारिस सामान, संदिग्ध व्यक्तियों और विस्फोटक सामग्री की संभावना को ध्यान में रखते हुए हर कोने का निरीक्षण किया। कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या सामान नहीं मिला यात्रियों को भी जागरूक करते हुए किसी भी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति की सूचना तुरंत सुरक्षा बलों को देने की अपील की गई। रेलवे अधिकारियों के अनुसार एंटी सबोटेज चेकिंग के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु, आपत्तिजनक सामग्री या असामान्य गतिविधि नहीं पाई गई। स्टेशन परिसर पूरी तरह सुरक्षित पाया गया।
