![]()
गयाजी में पीएम नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प एवं कायाकल्प अभियान’ की शुरूआत फल्गु नदी के देवघाट से होगी। जिले में यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। देवघाट समेत प्रमुख स्थलों के साथ पंचायत सरकार भवन, सामुदायिक भवन और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर भी दीप जलाए जाएंगे। जिले में कार्यक्रम का शुभारंभ प्रभारी मंत्री डॉ. विजय सिन्हा करेंगे। इस कार्यक्रम में सरकारी योजनाओं का लाभ लेने वाले लोग भी शामिल होंगे। प्रशासन का फोकस योजनाओं के लाभुकों को सिर्फ लाभ लेने वालों तक सीमित रखने के बजाय उन्हें सेवा और बदलाव की गतिविधियों से जोड़ने पर है। देवघाट से शुरू होगा 31 दिन का अभियान 17 सितंबर का कार्यक्रम अभियान के लिए खास होगा। शाम 7 बजे देवघाट सहित प्रमुख स्थलों पर दीप जलाकर सेवा और सामाजिक भागीदारी का संदेश दिया जाएगा। इसके बाद अलग-अलग तारीखों पर जिले में सफाई, श्रमदान, जागरूकता, सम्मान और जनभागीदारी से जुड़े कार्यक्रम होंगे। स्कूलों में भी अभियान की गतिविधियां होंगी। 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक ‘सेवा चित्र’ कार्यक्रम चलेगा। इसमें बच्चों के बीच चित्रकला व भाषण प्रतियोगिता कराई जाएगी। विषय सेवा, विकास और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़े होंगे। इसके साथ स्कूल और दूसरे शैक्षणिक संस्थानों में श्रमदान भी कराया जाएगा। तालाब और छठ घाटों की सफाई पर जोर अभियान की एक बड़ी गतिविधि ‘सेवा मेरा योगदान’ होगी। यह 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें तालाबों और छठ घाटों की सफाई कराई जाएगी। सार्वजनिक जगहों के रख-रखाव और साफ-सफाई पर भी जोर रहेगा। इस काम को सिर्फ आयोजन तक सीमित नहीं रखने की तैयारी है। कम से कम दो स्थानों के बदलाव को फोटो और वीडियो में रिकॉर्ड किया जाएगा। काम शुरू होने से पहले और काम पूरा होने के बाद की तस्वीरें तैयार होंगी। इन्हें संबंधित पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा। इससे अभियान के दौरान हुए बदलाव का रिकॉर्ड तैयार होगा। आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका और आशा का होगा सम्मान 28 से 30 सितंबर तक ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम होगा। आंगनबाड़ी केंद्रों पर सेविका-सहायिका और आशा कर्मियों का सम्मान किया जाएगा। उनके अनुभव भी साझा किए जाएंगे। बच्चों के लिए मनोरंजक गतिविधियां भी होंगी। 2 से 12 अक्टूबर तक ‘सेवा स्मरण’ कार्यक्रम चलेगा। इसमें पिछले 25 साल के सेवा कार्य और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े बदलावों को गीत और नुक्कड़ नाटक के जरिए बताया जाएगा। 17 सितंबर से ‘कहानी बदलाव की’ भी शुरू होगी। इसमें वास्तविक अनुभवों पर वीडियो व रील तैयार कर डिजिटल संग्रह बनाया जाएगा। 6 अक्टूबर को सभी प्रखंडों में लगेगा ‘सरकार आपके द्वार’ शिविर 6 अक्टूबर को ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत सभी प्रखंडों में शिविर लगाए जाएंगे। यहां लोगों से आवेदन लिए जाएंगे। आवेदनों का डाटा बैंक तैयार किया जाएगा। इसके आधार पर पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने और आवेदनों के निष्पादन की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। अभियान के अंतिम चरण में युवाओं को भी जोड़ा जाएगा। 12 से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा ज्योति यात्रा’ निकलेगी। इसमें पदयात्रा, साइकिल और बाइक यात्रा होगी। ‘मेरा युवा भारत’ के स्वयंसेवक भी इसमें शामिल होंगे। 15 अक्टूबर को ‘सेवा के रंग’ कार्यक्रम के तहत जिले के प्रमुख स्थल पर 108 मीटर व्यास के ‘भारत मंडल’ की तैयारी होगी। प्रशासन के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सरकारी योजनाओं को जनभागीदारी से जोड़ना है।
गयाजी में प्रभारी मंत्री करेंगे 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरूआत:देवघाट, पंचायत सरकार भवन पर भी दीप जलाए जाएंगे; जिले में 31 दिन चलेगा कायाकल्प कार्यक्रम
