Thursday, April 23, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

गयाजी में 5 लाख के 30 चोरी के मोबाइल जब्त:मोटरसाइकिल सहित फर्जी बिल बरामद; आरोपी घर छोड़ कर फरार


गया रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और जीआरपी की ओर से चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत एक सफलता मिली है। गुरुवार को हुई संयुक्त कार्रवाई में पुलिस टीम ने लगभग 5 लाख रुपये मूल्य के 30 चोरी के मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और फर्जी बिल बरामद किए हैं। हालांकि, इस मामले का मुख्य आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। यह कार्रवाई पटना जिले के मसौढ़ी निवासी 20 सालके रौशन कुमार की शिकायत के बाद शुरू हुई। रौशन कुमार ने जीआरपी थाना गया में शिकायत दर्ज कराई थी कि गया रेलवे स्टेशन पर एक व्यक्ति ने उन्हें 16,000 रुपये में वीवो कंपनी का मोबाइल बेचा था। बाद में मोबाइल में खराबी आने पर जब वे उसे सर्विस सेंटर ले गए, तो पता चला कि मोबाइल चोरी का है और उसके साथ दिया गया बिल भी पूरी तरह फर्जी था। अधिकारियों को मिलाकर एक संयुक्त टीम का गठन इस शिकायत के आधार पर जीआरपी गया ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कांड संख्या 115/26 दर्ज किया। इसके बाद जीआरपी, आरपीएफ पोस्ट, अपराध शाखा और सीपीडीएस टीम के अधिकारियों को मिलाकर एक संयुक्त टीम का गठन किया गया। टीम ने बुनियादगंज थाना क्षेत्र स्थित आरोपी गौतम कुमार के घर पर छापेमारी की। आरोपी मौके पर नहीं मिला, लेकिन उसकी मां और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में घर की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कुल 30 मोबाइल फोन बरामद हुए, जिनमें 20 सही हालत में थे और 10 क्षतिग्रस्त थे। इसके अलावा, एक हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और कई खाली बिल भी मिले, जिनका उपयोग फर्जी बिक्री के लिए किया जा रहा था। पुलिस ने सभी बरामद सामान को जब्त कर लिया है और मामले की जांच तेज कर दी है। आरपीएफ थाना अध्यक्ष बनारसी यादव ने बताया कि यह एक संगठित गिरोह का हिस्सा हो सकता है, जो रेलवे स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों में यात्रियों को सस्ते दाम पर मोबाइल बेचकर ठगी करता था। फरार आरोपी की तलाश जारी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। गया और शेरघाटी में आरपीएफ की सघन जांच रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट द्वारा यात्रियों की सुरक्षा और टिकट कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में गुरुवार को गया और शेरघाटी रेलवे क्षेत्रों में विशेष छापेमारी एवं सघन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का उद्देश्य टिकटों की अवैध बिक्री, दलालों की गतिविधियों और अन्य गैरकानूनी कार्यों पर रोक लगाना था। अभियान के तहत सहायक उप निरीक्षक मृत्युंजय कुमार अकेला ने अपने दल के साथ शेरघाटी बुकिंग काउंटर पर छापेमारी की। उन्होंने काउंटर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र की भी गहन जांच की। यात्रियों से पूछताछ की गई और यह सुनिश्चित किया गया कि कहीं कोई अवैध टिकट बिक्री या दलाली तो नहीं हो रही है। जांच के दौरान सब कुछ सामान्य पाया गया और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई।

इसी तरह उप निरीक्षक विकास कुमार के नेतृत्व में आरपीएफ की एक अन्य टीम ने गया रेलवे स्टेशन के बुकिंग काउंटर पर सघन जांच अभियान चलाया। टीम ने टिकट वितरण प्रणाली, काउंटर संचालन और यात्रियों की गतिविधियों का बारीकी से निरीक्षण किया। इसके अलावा स्टेशन परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का भी जायजा लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि जांच के दौरान न तो कोई टिकट कालाबाजारी का मामला सामने आया और न ही किसी प्रकार की अवैध गतिविधि की पुष्टि हुई। दोनों ही स्थानों पर स्थिति पूरी तरह सामान्य पाई गई।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles