![]()
गयाजी के हरिदास सेमिनरी में आयोजित कृषि जन कल्याण संवाद कार्यक्रम में बिहार के कृषि मंत्री सह गया के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी। किसानों की शिकायतें सुनने के दौरान उन्होंने अधिकारियों की कार्यप्रणाली की पड़ताल की। एक किसान की शिकायत पर संतोषजनक जवाब न मिलने पर मंत्री ने कहा कि किसानों को गलत जानकारी देने पर कार्रवाई की जाएगी। संवाद कार्यक्रम के दौरान कृषि विभाग की अधिकारी तमासूम परवीन कृषि उद्यान से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दे रही थीं। तभी एक किसान ने फतेहपुर में कृषि उद्यान केंद्र की स्थिति और उसके पंचायत स्तर पर संचालन को लेकर सवाल उठाया। मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने तुरंत अधिकारियों से कृषि उद्यान केंद्र के स्थान और पंचायत की जानकारी मांगी। अधिकारी मौके पर इसका स्पष्ट जवाब नहीं दे सके। कृषि मंत्री ने विभाग के टोल फ्री नंबर की व्यवस्था भी जांची मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसानों को सरकार की योजनाओं का लाभ समय पर मिले, यह सुनिश्चित करना उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने विभागीय योजनाओं की गलत अथवा अधूरी जानकारी देने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दोहराई। मंत्री ने कृषि विभाग के टोल फ्री नंबर की व्यवस्था की भी मौके पर जांच की। उन्होंने स्वयं टोल फ्री नंबर पर फोन कर यह जानने का प्रयास किया कि किसानों को सही जानकारी मिल रही है या नहीं। जब उन्होंने अपने कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी मांगी, तो टोल फ्री सेवा पर वह उपलब्ध नहीं थी। इस पर मंत्री ने कहा कि विभाग के कार्यक्रमों और योजनाओं की अद्यतन जानकारी टोल फ्री सेवा से जुड़े कर्मियों को भी होनी चाहिए, ताकि किसान फोन के माध्यम से भी सही जानकारी प्राप्त कर सकें। किसानों को सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता कार्यक्रम की अध्यक्षता कृषि मंत्री सह गया के प्रभारी मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने की। इस अवसर पर बिहार विधानसभा अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार, विधायक रोमित कुमार सहित तमाम जनप्रतिनिधि, जिलाधिकारी और कृषि विभाग के वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। संवाद का उद्देश्य किसान समृद्धि, महिला उद्यमिता, युवा रोजगार और श्रमिक उत्थान से जुड़े विषयों पर चर्चा करना रहा। कार्यक्रम में किसानों और आमजन की समस्याओं के साथ-साथ कृषि एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। मंत्री ने कहा कि किसानों की खुशहाली और कृषि क्षेत्र को सशक्त बनाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है।
