Tuesday, June 23, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

गिरिडीह नगर आयुक्त मॉर्निंग वॉक के दौरान निगम पहुंचे:सीढ़ियों पर बैठकर सुनी कर्मचारियों की समस्याएं, की अटेंडेंस रजिस्टर की भी जांच


गिरिडीह नगर निगम के नवपदस्थापित नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ ने अपनी कार्यशैली से एक नया उदाहरण पेश किया है। मंगलवार सुबह वह मॉर्निंग वॉक के बाद हाफ पैंट और हवाई चप्पल में ही सीधे निगम कार्यालय पहुंच गए। कार्यालय पहुंचने पर उन्होंने किसी औपचारिक कक्ष में जाने के बजाय मुख्य द्वार की सीढ़ियों पर बैठकर निगम की व्यवस्था और कर्मचारियों की गतिविधियों का जायजा लिया। सुबह ड्यूटी पर पहुंचे सफाईकर्मी और अन्य कर्मचारी उन्हें इस रूप में देखकर हैरान रह गए। करीब दो घंटे तक नगर आयुक्त ने कर्मचारियों से बातचीत की, उनकी समस्याएं सुनीं और सफाई व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कार्यों की समीक्षा भी की। इस दौरान उन्होंने बिना निर्धारित ड्रेस में काम करने आए कर्मियों को अनुशासन का महत्व समझाया। बिजय सिंह बिरुआ ने स्वयं झाड़ू हाथ में लेकर सफाई के बेहतर तरीकों की जानकारी दी। उन्होंने कर्मचारियों की उपस्थिति रजिस्टर की जांच की और कार्यालय परिसर में उपलब्ध फायर सेफ्टी उपकरणों का निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। कई लोगों के आग्रह के बावजूद उन्होंने कार्यालय कक्ष में जाने के बजाय कर्मचारियों के बीच सीढ़ियों पर बैठना ही उचित समझा। नगर आयुक्त बिजय सिंह बिरुआ ने कहा कि निगम एक परिवार की तरह है। कर्मचारियों के बीच बैठकर ही उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को बेहतर ढंग से समझा जा सकता है। उन्होंने जोर दिया कि प्रशासन की सफलता तभी संभव है जब अधिकारी जनता और कर्मचारियों से सीधे जुड़कर कार्य करें। नगर आयुक्त ने शहरवासियों से अपील की कि कहीं भी सफाई संबंधी समस्या होने पर इसकी सूचना नगर निगम को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles