![]()
गिरिडीह जिले के हिरोडीह थाना क्षेत्र में एक पोल्ट्री फार्म से लाखों रुपए के सामान की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है और चोरी किया गया पानी का मोटर, इन्वर्टर, स्टेपलाइजर, दो कूलर तथा एक बैट्री बरामद की है। चोरी में इस्तेमाल की गई बाइक भी जब्त कर ली गई है। यह घटना बरवाबाद गांव स्थित इरफान अंसारी के पोल्ट्री फार्म में हुई थी। 26 अगस्त 2026 को पोल्ट्री फार्म से सामान चोरी होने की सूचना हिरोडीह थाना पुलिस को मिली थी, जिसके बाद थाना कांड संख्या 117/2026 दर्ज किया गया। विशेष छापेमारी दल ने किया गिरफ्तार घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर खोरीमहुआ पुलिस अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। इस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बरवाबाद गांव निवासी करीब 33 वर्षीय किरणदेव यादव, पिता हरीश यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी किरणदेव यादव की निशानदेही पर पोल्ट्री फार्म से चोरी किए गए सभी सामान बरामद किए गए। इनमें एक जेट मोटर, एक इन्वर्टर, एक स्टेपलाइजर, दो कूलर और एक बैट्री शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, चोरी की वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक को भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस ने बताया कि इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गिरफ्तार आरोपी किरणदेव यादव के आपराधिक इतिहास की भी जांच की गई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ देवरी थाना में वर्ष 2020 में कांड संख्या 299/2020 दर्ज होने का उल्लेख है।
