![]()
गिरिडीह के बिरनी प्रखंड अंतर्गत बलिया पंचायत के नगड़ी गांव में करंट लगने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान हकीम मियां के पुत्र सद्दीक अंसारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सद्दीक अपने घर में रखे फ्रिज के संपर्क में आने के दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गया। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उन्हें गंभीर हालत में तुरंत गिरिडीह अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक प्रक्रिया के बाद शव को घर लाया गया और फिर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा गया। बचाने पहुंचे युवक भी झुलसे, कई घरों के उपकरण जले घटना के दौरान सद्दीक को बचाने पहुंचे गांव के साबिर अंसारी भी करंट की चपेट में आकर घायल हो गए। हालांकि इलाज के बाद उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि अचानक तेज वोल्टेज आ जाने की वजह से ये हादसा हुआ । जिससे गांव के करीब 15 से 20 घरों के बिजली उपकरण जल गए। इससे लोगों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन बिजली विभाग की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। विभाग पर लापरवाही का आरोप सूचना मिलते ही भरकट्टा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के अधिकारियों को बुलाने की मांग करते हुए कुछ देर तक पुलिस कार्रवाई रोक दी। मौके पर पहुंचे जनप्रतिनिधियों ने बिजली विभाग के एसडीओ को घटना की जानकारी दी। जांच के दौरान विभागीय कर्मी ने बताया कि मृतक के शरीर पर करंट के स्पष्ट निशान पाए गए हैं। इधर, परिजनों ने उचित मुआवजे की मांग की है, वहीं ग्रामीणों ने इसे विभागीय लापरवाही करार देते हुए जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।


