Wednesday, May 27, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

गिरिडीह वन क्षेत्र में पहुंची हथिनी और उसका बच्चा,धनबाद के जंगल में भेजा

भास्कर न्यूज |गिरिडीह पूर्वी वन प्रमण्डल के गिरिडीह वन प्रक्षेत्र में शुक्रवार रात डुमरी वन क्षेत्र से एक हथिनी अपने छोटे बच्चे के साथ पहुंच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग तुरंत सक्रिय हो गया। पूर्वी वन प्रमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार तिवारी के निर्देश पर रेंज ऑफिसर एसके रवि के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन कर घटनास्थल जान्गो गांव पर भेजा गया। जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात स्थानीय लोगों ने हथिनी और उसके बच्चे को जंगल के पास देखा। हाथियों की मौजूदगी से जान्गो और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बन गया था। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का आकलन करते हुए हाथियों को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर ले जाने की कार्रवाई शुरू की। वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत और सतर्कता के साथ देर रात तक अभियान चलाया। विशेषज्ञ एलीफेंट ड्राइव टीम की मदद से हथिनी और उसके बच्चे को सुरक्षित रूप से धनबाद क्षेत्र के जंगल की ओर ड्राइव कर दिया गया। इस पूरी कार्रवाई के दौरान यह सुनिश्चित किया गया कि न तो हाथियों को कोई नुकसान पहुंचे और न ही आसपास के ग्रामीणों को किसी तरह की परेशानी हो। इस अभियान में एसबीओ सिकंदर पासवान और बीओ अमर विश्वकर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इनके साथ एक्सपर्ट एलीफेंट ड्राइव टीम भी लगातार सक्रिय रही और पूरी रणनीति के साथ हाथियों को सुरक्षित दिशा में आगे बढ़ाया गया।वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि हाथियों के झुंड या अकेले हाथियों का एक वन क्षेत्र से दूसरे वन क्षेत्र में आना सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन आबादी वाले इलाकों के पास पहुंचने पर सावधानी बरतना जरूरी हो जाता है। ऐसे मामलों में वन विभाग तुरंत कार्रवाई कर हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर मोड़ने का प्रयास करता है। रेंज ऑफिसर एस के रवि ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं हाथियों की गतिविधि दिखाई दे तो तुरंत विभाग को सूचना दें और स्वयं उनके पास जाने या उन्हें छेड़ने का प्रयास न करें। समय पर सूचना मिलने से विभाग को त्वरित कार्रवाई करने में सुविधा होती है और किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सकता है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles