
दुकानदार ने किया विरोध, हाइकोर्ट में मामला विचाराधीन होने की दी जानकारी
Jamshedpur News :
टाटानगर के गुदड़ी बाजार में बुधवार को रेलवे की अतिक्रमण हटाओ कार्रवाई आखिरी समय में रोकनी पड़ी. रेलवे इंजीनियरिंग विभाग की टीम, जिला प्रशासन द्वारा नियुक्त मजिस्ट्रेट सुदीप्तो राय और भारी संख्या में पुलिस बल के साथ अतिक्रमण हटाने के लिए मौके पर पहुंची थी. यह कार्रवाई श्री लक्ष्मी भंडार नामक दुकान पर की जानी थी. जैसे ही अधिकारियों की मौजूदगी में कार्रवाई की तैयारी की गयी, दुकानदार मुरारी लाल अग्रवाल ने इसका विरोध शुरू कर दिया. उन्होंने अधिकारियों को बताया कि झारखंड हाइकोर्ट में मामला विचाराधीन है और याचिका स्वीकार हो चुकी है. उन्होंने स्टे ऑर्डर लाने के लिए 15 दिन का समय मांगा. स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने फिलहाल कार्रवाई स्थगित कर दी. मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिया कि दुकानदार एसडीओ कार्यालय में हलफनामा दें कि यदि 15 दिनों में स्टे नहीं मिला, तो रेलवे बिना बाधा कार्रवाई कर सकेगा. मजिस्ट्रेट सुदीप्तो राय ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जानी थी. लेकिन स्थानीय दुकानदारों ने इसका विरोध किया और बताया कि मामला वर्तमान में हाइकोर्ट में लंबित है. उन्होंने 15 दिनों का समय मांगा और आश्वासन दिया कि वे स्वयं अपनी दुकान खाली कर देंगे. उनकी मांग और न्यायालय में विचाराधीन स्थिति को देखते हुए फिलहाल अतिक्रमण हटाओ अभियान को स्थगित कर दिया गया है.


