Monday, May 4, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

गुमला की बेटी अष्टम का भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयन होने पर दी गई बधाई


भास्कर न्यूज|गुमला अष्टम उरांव को भारतीय महिला फुटबॉल टीम में चयनित होने पर जिला प्रशासन गुमला की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गई हैं। ऑस्ट्रेलिया में 1 मार्च से प्रारंभ हो रहे एएफसी महिला एशियन कप के िलए घोषित भारतीय टीम में झारखंड गुमला की प्रतिभावान डिफेंडर अष्टम उरांव को स्थान मिला है। यह प्रतियोगिता 21 मार्च तक आयोजित होगी व वर्ष 2027 में ब्राजील में प्रस्तावित फीफा महिला विश्व कप के क्वालीफिकेशन से भी जुड़ी हुई है। हाल के राष्ट्रीय शिविरों में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, रक्षण पंक्ति में उनकी सुदृढ़ भूमिका व पूर्व अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में उनके अनुभव को देखते हुए चयनकर्ताओं द्वारा उन्हें टीम में शामिल किया गया है। उक्त उपलब्धि के उपलक्ष्य में उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित के निर्देश के आलोक में जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार द्वारा बिशुनपुर प्रखंड के बनारी पंचायत अंतर्गत गोरा टोली गांव स्थित अष्टम उरांव के आवास पर पहुंचकर उनके माता-पिता को सम्मानित किया गया। भ्रमण के दौरान उनके परिवारजनों से भेंट कर आवश्यकताओं की जानकारी ली गई। अष्टम उरांव द्वारा पक्का मकान, बोरिंग, शौचालय व बाउंड्री वाल निर्माण के िलए अनुरोध किया गया, जिस पर डीसी के निर्देशानुसार अविलंब आवश्यक कार्रवाई व सहयोग सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया गया। डीसी प्रेरणा दीक्षित ने कहा कि अष्टम उरांव की यह उपलब्धि केवल उनके परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि अष्टम की मेहनत, अनुशासन और समर्पण यह सिद्ध करता है कि सीमित संसाधनों के बावजूद दृढ़ इच्छाशक्ति से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है। डीसी ने विश्वास व्यक्त किया कि अष्टम की सफलता से जिले की अन्य बेटियां भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होंगी। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन प्रतिभावान खिलाड़ियों को आवश्यक सहयोग, मार्गदर्शन व प्रोत्साहन प्रदान करने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है, ताकि गुमला की बेटियां राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराती रहें।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles