![]()
गुमला जिले के बसिया थाना क्षेत्र में भीषण सड़क हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई। हादसा कोनबीर-गुमला मुख्य सड़क पर तेतरा पहाड़ के समीप हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक और मोटरसाइकिल की सीधी भिड़ंत हो गई। जानकारी के अनुसार, ट्रक कोनबीर से गुमला की ओर जा रहा था। इसी दौरान तेतरा पहाड़ के पास सड़क के खतरनाक मोड़ पर विपरीत दिशा से पालकोट की ओर से आ रही मोटरसाइकिल से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में बाइक सवार समसम किंडो (18), निवासी सरयडीह और दीपक कच्छप (18), निवासी गुड़ाम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं तीसरा युवक टिंकू सिंह (16), निवासी भागीडेरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल घायल टिंकू को बसिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया। रिम्स में इलाज के दौरान तीसरे दोस्त ने भी दम तोड़ा बसिया रेफरल अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने टिंकू सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया। परिजन और अन्य लोग उसे लेकर रांची पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान टिंकू ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह कुछ ही घंटों के अंतराल में हादसे में तीनों दोस्तों की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद बसिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की। बाद में तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए गुमला भेजा गया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ट्रक और बाइक के बीच टक्कर सड़क के मोड़ पर हुई। पुलिस ने बताया कि बाइक सवार तीनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना था। तीन गांवों में पसरा मातम, जांच में जुटी पुलिस तीन युवकों की एक साथ मौत की खबर से सरयडीह, गुड़ाम और भागीडेरा गांवों में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के अनुसार तीनों युवक आपस में दोस्त थे और एक साथ मोटरसाइकिल से जा रहे थे। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। इधर, पुलिस ने ट्रक और बाइक से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि टक्कर किन परिस्थितियों में हुई। घटनास्थल की स्थिति, वाहनों की क्षति और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी को भी जांच में शामिल किया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

