![]()
धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में बंद मकान में लाखों रुपए की चोरी का मामला सामने आया है। मंदाकिनी स्कूल के समीप किराए के मकान में रहने वाले ट्रांसपोर्टर बसंत कुमार राय अपने परिवार के साथ देवघर कांवड़ यात्रा पर गए थे। इसी दौरान चोरों ने बंद घर को निशाना बनाया और नगदी, मोबाइल फोन समेत करीब 6 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए। बसंत कुमार राय 9 अगस्त को परिवार के साथ देवघर गए थे। 15 अगस्त की देर रात जब परिवार वापस घर लौटा तो मकान के अंदर सामान बिखरा हुआ मिला। स्थिति देखकर उन्हें चोरी की आशंका हुई। घर की जांच करने पर अलमारी और अन्य सामान अस्त-व्यस्त मिले। इसके बाद चोरी की सूचना बरवाअड्डा थाना पुलिस को दी गई। एडवेस्टस तोड़कर छत के रास्ते घर में घुसे चोर प्रारंभिक जांच में सामने आया कि चोरों ने घर में दाखिल होने के लिए छत पर बने सीढ़ी घर को निशाना बनाया। चोरों ने सीढ़ी घर में लगे एजबेस्टर को तोड़ दिया और इसी रास्ते मकान के अंदर प्रवेश किया। घर में घुसने के बाद चोरों ने कमरों की तलाशी ली और अलमारी को खंगाला। अलमारी में रखे करीब 15 हजार रुपए नकद, एक मोबाइल फोन और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोरी गए आभूषणों की कुल कीमत करीब 6 लाख रुपए है। परिवार के देवघर जाने और कई दिनों तक मकान बंद रहने की जानकारी चोरों को कैसे मिली, पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। पुलिस ने शुरू की जांच, चोरों की तलाश में जुटी टीम चोरी की सूचना मिलने के बाद बरवाअड्डा थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। घर में चोरों के प्रवेश और बाहर निकलने के रास्ते की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वारदात में कितने लोग शामिल थे और चोरों ने पहले से घर की रेकी की थी या नहीं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालने की कोशिश की जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान हो सके। परिवार के कई दिनों तक बाहर रहने के दौरान हुई इस चोरी ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल चोरी गए सामान की पूरी सूची तैयार कर पुलिस को उपलब्ध कराई गई है।
