गुमला जिले के चैनपुर में देर रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। टोगो मोड़ स्थित आंगनवाड़ी केंद्र के समीप एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने पिलर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों युवक हर्रा अंबा कोना के रहने वाले थे। जारी प्रखंड के जर्मना गांव से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक सीधे पिलर से जा भिड़ी। अस्पताल ले जाते वक्त एक की मौत, दूसरे का इलाज जारी हादसे में अनीश तिग्गा (26) की मौके पर ही हालत गंभीर हो गई, जबकि अमित रोसन बारवे (18) भी बुरी तरह घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य दिलीप बड़ाइक मौके पर पहुंचे और तत्काल जारी थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। उनकी पहल पर दोनों घायलों को चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण दोनों को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल गुमला रेफर किया गया। हालांकि, गुमला ले जाने के दौरान रास्ते में ही अनीश तिग्गा ने दम तोड़ दिया, जबकि अमित का इलाज जारी है। स्वास्थ्य केंद्र में नहीं मिले डॉक्टर घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों की अनुपस्थिति को लेकर नाराजगी सामने आई है। जिला परिषद सदस्य दिलीप बड़ाइक ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में उनकी सक्रियता की सराहना की। इधर, सूचना मिलते ही जारी थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया।