गुमला जिले के पालकोट थाना क्षेत्र के लोटवा गांव में एक शादी समारोह के दौरान 27 वर्षीय दुर्गा उरांव की टांगी से वार कर हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल दुर्गा की गुरुवार को रिम्स ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। मृतक दुर्गा उरांव अपनी मां बंधनी उड़ाइन के साथ 17 मई को मामा की बेटी की शादी में शामिल होने लोटवा गांव गए थे। घटना 19 मई को शादी समारोह के बीच नाच-गाने के दौरान हुई। दुर्गा के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया
पुलिस को दिए बयान में मृतक के भाई सोमरा उरांव ने बताया कि गांव का ही गंगा टोप्पो नामक व्यक्ति दुर्गा को अपने घर ले गया। वहां उसने दुर्गा के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किया और उसे घर के बाथरूम में बंद कर दिया। सुबह तक दुर्गा के घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। गंगा टोप्पो के घर में खून गिरा देखकर जब बाथरूम की तलाशी ली गई, तो दुर्गा लहूलुहान अवस्था में वहां पड़ा मिला। उसे तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां से गंभीर हालत देखते हुए रिम्स रेफर कर दिया गया। हालांकि, रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सदर थाना के एसआई अरविंद कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। हत्या के पीछे के कारणों का खुलासा अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद होगा।

