![]()
गुमला शहर के चेटर स्थित चाहा मैदान में सोमवार को एक व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। मृतक की पहचान मिशन चौक शांतिनगर निवासी 40 वर्षीय गोपी गोप उर्फ डब्ल्यू के रूप में हुई है। शव पर कई जगह चोट और मारपीट के निशान पाए गए, जिसके बाद परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डॉ. पीसीके भगत ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारण का खुलासा हो पाएगा। मृतक के भाई अनिल गोप ने बताया कि गोपी के सिर और कान से खून बह रहा था, और शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे। इन्हीं निशानों के आधार पर परिवार को हत्या का संदेह है। अनिल गोप के अनुसार, गोपी रविवार देर शाम खेत से काम कर घर लौटा था। इसके बाद वह शराब पीने के लिए शांति नगर की ओर निकला, लेकिन फिर घर नहीं लौटा। परिजनों ने रात भर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। सोमवार सुबह शव मिलने की सूचना पर परिजनों ने मौके पर पहुंचकर उसकी पहचान की। पुलिस ने मामले की गहन छानबीन शुरू कर दी है। घटना के पीछे के कारणों और इसमें शामिल अपराधियों का पता लगाने के लिए पुलिस क्षेत्र के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ कर रही है। एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि मामले की जांच जारी है और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे का खुलासा किया जाएगा।

