![]()
नवादा में संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की जन्मस्थली वाराणसी से लाई गई पवित्र मिट्टी से भरे कलश का भव्य स्वागत हुआ। यह कलश बिहार सरकार के कला, संस्कृति एवं युवा विभाग द्वारा गुरु रविदास महाराज के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे “समरसता संकल्प अभियान” के तहत लाया गया है। इस पवित्र कलश को पटना में आयोजित एक कार्यक्रम में नवादा जिला टोली को सौंपा गया था। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने यह कलश जिला टोली को प्रदान किया। पवित्र कलश का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया जिला टोली का नेतृत्व कार्यक्रम संयोजक अभिजीत कुमार सिन्हा, सह-संयोजक गुलशन कुमार और मनीष सिन्हा ने किया। जिला टोली के नवादा पहुंचने पर साहेब कोठी मंदिर में एक भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता, सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमित अनुराग और कला संस्कृति विभाग की प्रतिभा कुमारी ने किया। श्रद्धालुओं ने पवित्र कलश का श्रद्धापूर्वक स्वागत किया। भाईचारा और सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल मेहता ने कहा कि यह कलश गुरु रविदास महाराज के समरसता, सामाजिक समानता, बंधुत्व और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रतीक है। उन्होंने समाज में आपसी भाईचारा और सद्भाव को मजबूत करने का संकल्प लिया। मेहता ने यह भी कहा कि यह कलश केवल श्रद्धा का प्रतीक नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और मानवता के महान संदेश को आगे बढ़ाने का प्रेरणास्रोत है। इस मौके पर भाजपा उपाध्यक्ष मुकेश कुमार, महिला मोर्चा अध्यक्ष माधुरी वर्णनवाल, राधेश्याम चौधरी, नील नितिन, राहुल सिन्हा, संदीप महतो, तरुण राजवंशी और संजय भोजपुरी सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

