![]()
गोड्डा पुलिस ने बिहार से झारखंड में गांजे की तस्करी के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से 4 किलोग्राम गांजा और एक मोटरसाइकिल जब्त की है। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई जा रही है। गोड्डा पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार को 1 अगस्त की सुबह गुप्त सूचना मिली थी। इसमें बताया गया था कि बिहार की ओर से दो व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर दिग्धी गांव होते हुए महागामा की ओर गांजा पहुंचाने आ रहे हैं। इस सूचना के बाद महागामा अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। दल ने ग्राम शीतल के पास पानी टंकी के नजदीक मुख्य मार्ग पर वाहन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक सफेद झोले में चार अलग-अलग पैकेटों में रखा 4 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों संदिग्धों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी पहचान बिहार के भागलपुर जिले के घोघा थाना अंतर्गत ब्रह्मचारी टोला निवासी वीरेंद्र कुमार (33) और उदय कुमार मंडल (35) के रूप में हुई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर महागामा थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस आगे की जांच कर रही है। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वरुण रजक ने बताया कि यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई है।

