![]()
गोपालगंज जिले के जादोपुर थाना क्षेत्र में मजदूरी का बकाया पैसा मांगने पर एक मजदूर की कथित तौर पर पिटाई कर दी गई। गंभीर रूप से घायल मजदूर को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। घायल मजदूर की पहचान जादोपुर मौजे वार्ड नंबर 9 निवासी मो. कलामुद्दीन के बेटे परवेज आलम के रूप में हुई है। डॉक्टरों की देखरेख में उसका इलाज सदर अस्पताल में जारी है। परवेज आलम ने बताया कि लगभग एक महीने पहले उसने अपने पड़ोसियों के घर में बिजली वायरिंग का काम किया था। इस काम के लिए 10,000 रुपये मजदूरी तय हुई थी। काम पूरा होने के बाद जब भी उसने पैसे मांगे, तो आरोपी उसे टालते रहे। बेड ठीक करने के बहाने कमरे में बुलाया पैसे न मिलने के कारण परवेज काम की तलाश में जिले से बाहर चला गया था। हाल ही में घर लौटने पर वह फिर से बकाया मांगने पड़ोसियों के पास पहुंचा। परवेज के अनुसार, आरोपियों ने उसे बेड ठीक करने के बहाने अपने घर के एक कमरे में बुलाया। जैसे ही वह कमरे में दाखिल हुआ, आरोपियों ने दरवाजा बंद कर दिया और लाठी-डंडों से उस पर हमला कर दिया। मारपीट करने वालों में पुरुष और महिलाएं दोनों शामिल थे। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से भागा चीख-पुकार के बीच परवेज किसी तरह आरोपियों के चंगुल से छूटकर भागा और अपने परिजनों को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और लहूलुहान हालत में उसे तत्काल सदर अस्पताल लेकर आए।
गोपालगंज में बकाया मजदूरी मांगने पर मजदूर की पिटाई:बेड ठीक करने के बहाने कमरे में बुलाया, दरवाजा बंद कर पीटा, 10 हजार रुपए मजदूरी थी

