![]()
गोपालगंज के जादोपुर थाना क्षेत्र के राजवाही गांव में शनिवार को आकाशीय बिजली गिरने से 14 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। सभी लोग तेज बारिश और वज्रपात से बचने के लिए चंवर में बनी एक झोपड़ी के नीचे छिपे थे। इसी दौरान झोपड़ी पर अचानक बिजली गिर गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने 14 वर्षीय आत्मा कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से झुलसे शंभू भगत को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। भैंस चराने चंवर गए थे ग्रामीण बताया गया कि राजवाही गांव के कुछ लोग रोज की तरह गांव के पास स्थित चंवर में भैंस चराने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने लगी। बारिश से बचने के लिए आत्मा कुमार समेत पांच लोग चंवर में बनी एक झोपड़ी के नीचे चले गए। कुछ ही देर बाद तेज आवाज के साथ झोपड़ी पर वज्रपात हो गया। इसकी चपेट में आने से पांचों लोग झुलस गए। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी को अस्पताल पहुंचाया। तीन भाइयों में बीच का था आत्मा मृतक की पहचान जादोपुर थाना क्षेत्र के राजवाही गांव निवासी जंगबहादुर भगत के 14 वर्षीय बेटे आत्मा कुमार के रूप में हुई है। वह तीन भाइयों में बीच का था। उसकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। बताया गया कि आत्मा जब करीब पांच साल का था, तभी प्रसव के दौरान उसकी मां की मौत हो गई थी। इसके बाद उसके पिता ने दूसरी शादी कर ली थी। हादसे में बच्चे की मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। चार अन्य लोग भी झुलसे वज्रपात की चपेट में आने से चंदर भगत का 55 वर्षीय बेटा शंभू भगत, श्यामजी भगत का बेटा ध्रुप यादव, लाल बहादुर यादव का 15 वर्षीय बेटा राहुल कुमार और जोगिंद्र भगत का 14 वर्षीय बेटा जितेश कुमार झुलस गए। घटना की सूचना मिलने के बाद जादोपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच करने के साथ आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।
गोपालगंज में बिजली गिरने से बच्चे की मौत:बारिश से बचने के लिए झोपड़ी में छिपे,4 लोग झुलसे;सदर अस्पताल रेफर
