![]()
गोपालगंज के विशंभरपुर थाना क्षेत्र के सपहिया गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए हमले में मां और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। यह घटना नहर किनारे झोपड़ी बनाकर रह रहे एक परिवार के साथ हुई। घायलों की पहचान सपहिया गांव निवासी रमेश बासफोर की पत्नी ज्ञानति देवी और उनकी बेटी अंजली कुमारी के रूप में हुई है। आरोप है कि यह हमला उनके ही भतीजे ने किया है। जगह खाली करने को लेकर विवाद पीड़ित महिला ज्ञानति देवी पिछले कई वर्षों से विशंभरपुर थाना क्षेत्र के सपहिया गांव स्थित नहर किनारे एक छोटी सी झोपड़ी बनाकर अपने परिवार के साथ रह रही थीं। उनका भतीजा कथित तौर पर उस जगह से झोपड़ी हटाने और जगह खाली करने का लगातार दबाव बना रहा था, ताकि वह वहां अपनी झोपड़ी बना सके। जब महिला ने अपनी झोपड़ी हटाने और जगह खाली करने से इनकार कर दिया, तो आरोपी भतीजे ने जबरन महिला की झोपड़ी के पास अपनी झोपड़ी बनाने का काम शुरू कर दिया। पीड़ित महिला और उसकी बेटी ने इस जबरन कब्जे का विरोध किया। मारपीट में मां और बेटी बुरी तरह जख्मी विरोध करने पर आरोपी आक्रोशित हो गया और उसने मां-बेटी पर लाठी-डंडों और कड़ा से हमला कर दिया। इस मारपीट में मां और बेटी बुरी तरह जख्मी हो गईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गया। घटना की सूचना विशंभरपुर थाना पुलिस को दी गई है। पुलिस ने पीड़ितों के बयान के आधार पर मामले की छानबीन शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश कर रही है।
गोपालगंज में भतीजे ने बुआ और बेटी को पीटा:परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया, जमीन विवाद में लाठी-डंडे और कड़ा से हमला
