![]()
गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र के बलथरी गांव के समीप एनएच-27 पर सोमवार को तेज रफ्तार अनियंत्रित कार ने सड़क पार कर रही 65 वर्षीय महिला को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान बलथरी निवासी दिनेश शाही की पत्नी आरती देवी के रूप में हुई है। बस से उतरकर सड़क पार कर रही थीं आरती देवी बताया जाता है कि आरती देवी गोरखपुर से बस में सवार होकर अपने गांव बलथरी लौट रही थीं। एनएच-27 पर गांव के पास बस से उतरने के बाद वह पैदल सड़क पार कर घर की ओर जा रही थीं। इसी दौरान गोरखपुर की तरफ से तेज रफ्तार में आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर के बाद सड़क पर गिरीं, मौके पर तोड़ा दम कार की टक्कर इतनी जोरदार थी कि आरती देवी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी, लेकिन अत्यधिक चोट लगने के कारण पुलिस के पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। पीछा कर पुलिस ने चालक को पकड़ा घटना की सूचना मिलते ही कुचायकोट पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कार का पीछा कर चालक को पकड़ लिया। दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और चालक की भूमिका की जांच कर रही है। इधर, हादसे की खबर मिलते ही मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
गोपालगंज-NH-27 पर कार ने वृद्ध महिला को रौंदा, मौत:चालक गिरफ्तार-कार जब्त, शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा
