![]()
गोंदा थाना क्षेत्र के कांके रोड स्थित बसंत विहार में शुक्रवार की सुबह राशन लेकर स्कूटी से घर के दरवाजे तक पहुंची महिला से बाइक सवार दो अपराधियों ने चेन झपट ली। पीड़ित महिला का नाम नेहा श्रीवास्तव है। घर का राशन लेकर स्कूटी से नेहा घर तक पहुंची ही थी कि सामने से आए बाइक सवार 2 अपराधियों में से पीछे बैठे स्नैचर ने नेहा का गला दबाया और चेन झपटकर फरार हो गया। जब तक पीड़िता कुछ समझ पाती, बाइक सवार अपराधी काफी आगे निकल चुका था। घटना के बाद से पीड़िता काफी परेशान है। उसे समझ नहीं आ रहा है कि आगे क्या करे। परेशान पीड़िता देर रात तक थाने नहीं पहुंच पाई थी। चेन छिनतई की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। स्कूटी सवार पीड़िता के पीछे से आते हुए बाइक सवार 2 अपराधी दिखाई दे रहे हैं। पीड़िता अपने घर के दरवाजे पर रुक जाती है जबकि बाइक सवार अपराधी थोड़ा आगे बढ़ जाता है। पीड़िता जब तक अपने स्कूटी की डिक्की से राशन निकालने लगती है, तब तक बाइक सवार अपराधी गाड़ी घुमाकर सामने से करीब पहुंच जाता है। चंद सेकेंड में ही बाइक पर पीछे बैठा अपराधी गले से चेन झपटकर फरार हो जाता है। पीछा करने का पता नहीं चला पीड़ित महिला ने दैनिक भास्कर को बताया कि बाइक सवार दोनों अपराधियों की उम्र लगभग 35 साल होगी। दोनों ने काले रंग के कपड़े और हेलमेट पहन रखे थे। चेन छिनतई के बाद जब लोगों से बातचीत की तो पता चला कि अपराधी कांके रोड से ही पीछा कर रहे थे। अपराधियों के इरादे को वह भांप नहीं पाई।
घर के दरवाजे पर महिला का गला दबाया:राशन लेकर लौट रही महिला का कांके से कर रहा था पीछा, चेन झपट कर स्नैचर फरार
