![]()
चतरा जिले में दो अलग-अलग सड़क हादसों में तीन मजदूरों समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पहली घटना टंडवा थाना क्षेत्र के किशनपुर मुख्य मार्ग पर हुई, जहां काम से लौट रहे मजदूरों से भरा एक ऑटो दुर्घटनाग्रस्त होकर पलट गया। बताया गया कि इसी दौरान एक अज्ञात कोल वाहन ने ऑटो को चकमा दे दिया, जिससे चालक का संतुलन बिगड़ गया और ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को ऑटो से बाहर निकाला और इलाज के लिए टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। घायलों में केरेडारी निवासी 37 वर्षीय गुलाब यादव, बेलहर निवासी 30 वर्षीय रामु यादव और पत्थलगड्डा निवासी 22 वर्षीय ईश्वर कुमार शामिल हैं। सिर में गंभीर चोट, दो घायलों को हायर सेंटर भेजा टंडवा सीएचसी में प्राथमिक उपचार के दौरान घायलों की चोटों की गंभीरता सामने आई। जानकारी के अनुसार, हादसे में दो मजदूरों के सिर में गंभीर चोट लगी है और हाथ टूटने जैसी चोटें भी आई हैं। उनकी स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। वहीं, रामु यादव की स्थिति स्थिर बताई गई है। हादसे के बाद ग्रामीणों ने कोल वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन जरूरी है। ग्रामीणों ने कोल वाहनों में अवैध चाइना लाइट और खराब हेडलाइट के इस्तेमाल पर भी सवाल उठाए हैं। उन्होंने प्रशासन से वाहनों की गति नियंत्रित कराने, लाइटों की जांच करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पाराडीह मोड़ के पास जिला परिषद सदस्य दुर्घटनाग्रस्त दूसरी घटना पाराडीह मोड़ के समीप हुई। इसमें लावालौंग के जिला परिषद सदस्य प्रसाद भारती गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, वे चतरा से अपने घर लावालौंग लौट रहे थे। इसी दौरान एक वाहन से चकमा मिलने के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे दुर्घटना का शिकार हो गए। हादसे में उनके माथे पर गंभीर चोट आई। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय स्तर पर उन्हें इलाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई। उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चतरा के जिला परिषद सदस्य चंद्रदेव गोप के सक्रिय सहयोग से उन्हें बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया। इस घटना के बाद उनके परिचितों और समर्थकों में चिंता का माहौल है। बताया गया कि प्रसाद भारती कुछ समय पहले गंभीर बीमारी से उबरकर लौटे थे। ऐसे में सड़क हादसे में उनके घायल होने की खबर से परिजन और समर्थक मायूस हैं।
चतरा में 2 सड़क हादसे, 4 गंभीर रूप से घायल:कोयला लदे वाहन ने दिया चकमा, मजदूरों से भरा ऑटो पलटा, 2 हायर सेंटर रेफर

