Top 5 This Week

Related Posts

चयनित 105 विद्यालयों के 210 आरोग्य दूत सम्मानित

चयनित 105 विद्यालयों के 210 आरोग्य दूत सम्मानित

मवि व हाई स्कूल के 12वीं के विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हैं

प्रतिनिधि, मेदिनीनगर

पलामू जिला स्वास्थ्य समिति ने बुधवार को पंडित दीन दयाल उपाध्याय स्मृति नगर भवन में सम्मान समारोह का आयोजन किया. जिले के चयनित 105 विद्यालयों के 210 आरोग्य दूतों को प्रमाण पत्र, शॉल व उपहार देकर सम्मानित किया गया. मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ अनिल श्रीवास्तव ने समारोह का उद्घाटन किया. उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम व राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन द्वारा विद्यालय स्वास्थ्य व कल्याण कार्यक्रम संचालित है. पलामू जिले सभी प्रखंडों के मध्य विद्यालय व हाई स्कूल में कक्षा छह से 12 वीं के छात्र- छात्राओं को स्वास्थ्य शिक्षा दी जाती है. आरोग्य दूतों के माध्यम से बच्चों व किशोरियों को स्वास्थ्य शिक्षा दिया जा रहा है. सिविल सर्जन डॉ श्रीवास्तव ने कहा कि विद्यालय स्वास्थ्य एवं कल्याण कार्यक्रम बच्चों और किशोरों के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है. आरोग्य दूत अपने विद्यालय के विद्यार्थियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं. उन्होंने एनीमिया व टीबी जैसी गंभीर बीमारियों के बारे में भी विद्यार्थियों को जागरूक करने की जरूरत बताया. डीआरसीएचओ डॉ एसके रवि ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य संबंधी 16 महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं, जो बच्चों के शारीरिक, मानसिक व सामाजिक विकास में सहायक हैं. सेंटर फॉर कैटालाइजिंग चेंज के कार्यक्रम पदाधिकारी आकाश कुमार ने आरोग्य दूतों के परिश्रम की सराहना किया. शिक्षा विभाग के एपीओ मनोज मिश्रा ने कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में सरकार की यह महत्वाकांक्षी योजना है. इसे जमीनी स्तर पर उतारना हम सबों की जिम्मेवारी है. उन्होंने बताया कि जिले के मध्य विद्यालयों व हाई स्कूलों में प्रत्येक मंगलवार को स्वास्थ्य दिवस मनाया जाता है. आरोग्य दूतों द्वारा छात्र-छात्राओं को स्वास्थ्य संबंधी शिक्षा दी जाती है. इसके माध्यम से विद्यार्थियों को स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं का समाधान किया जाता है और उन्हें जागरूक किया जाता है. मौके पर डीपीएम देवेंद्र भूषण श्रीवास्तव, जिला डाटा प्रबंधक राजीव कुमार, डीपीसी अभिषेक आनंद, डॉ. राजकुमार, अभिषेक राज सहित 105 आरोग्य दूत शामिल रहे.

The post चयनित 105 विद्यालयों के 210 आरोग्य दूत सम्मानित appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

Popular Articles