गुमला|सदर थाना क्षेत्र से मानवता को शर्मसार करने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक विवाहित महिला के साथ न केवल दरिंदगी की गई, बल्कि उसे महीनों तक ब्लैकमेल कर लाखों रुपए भी ऐंठे गए। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए कोलकाता निवासी मुख्य आरोपी एसके नूर अली को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार घटना की शुरुआत तब हुई जब आरोपी एसके नूर अली पीड़िता के घर में दरवाजे की मरम्मत और निर्माण कार्य के लिए आया था। इसी दौरान एक दिन घर में महिला को अकेला पाकर आरोपी ने उसकी बेबसी का फायदा उठाया। आरोप है कि नूर अली ने महिला को चाकू का डर दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। हैवानियत यहीं नहीं रुकी; आरोपी ने इस घिनौनी करतूत का वीडियो बना लिया और कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें भी खींच लीं। घटना के बाद आरोपी ने उन तस्वीरों और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर महिला को मानसिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। लोक-लाज के डर से महिला खामोश रही, जिसका फायदा उठाकर आरोपी उसे बार-बार अपनी हवस का शिकार बनाता रहा। इसी ब्लैकमेलिंग के जरिए आरोपी ने पीड़िता से पिछले कुछ समय में करीब पांच लाख रुपए की मोटी रकम भी वसूल ली। लगातार बढ़ते मानसिक दबाव और आर्थिक शोषण से तंग आकर अंततः महिला ने हिम्मत दिखाई और अपने पति को पूरी सच्चाई बताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए दंपती तुरंत गुमला थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज की और छापेमारी कर आरोपी को धर दबोचा। थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी के पास से साक्ष्य बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले की गहन जांच जारी है। इस घटना ने एक बार फिर बाहरी कामगारों के सत्यापन और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
