![]()
सुपौल के पिपरा थाना क्षेत्र में बुधवार को तेज रफ्तार चार पहिया वाहन ने साइकिल सवार 52 वर्षीय ब्रह्मदेव राम को कुचल दिया। हादसा NH-106 पर कटिन चौक के समीप हुआ। गंभीर रूप से कुचल जाने से ब्रह्मदेव राम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतक हरिहरपट्टी गांव के रहने वाले थे। घर से कटिन चौक जा रहे थे ब्रह्मदेव राम जानकारी के अनुसार, ब्रह्मदेव राम अपने घर से साइकिल पर सवार होकर कटिन चौक की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। मौत से आक्रोशित लोगों ने NH-106 किया जाम दुर्घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। ब्रह्मदेव राम की मौत से आक्रोशित लोगों ने कटिन चौक के पास NH-106 को जाम कर दिया। लोग मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और फरार वाहन चालक की पहचान कर कार्रवाई करने की मांग कर रहे थे। जाम के कारण कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा। पुलिस के आश्वासन पर खत्म हुआ सड़क जाम सूचना मिलने पर पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फरार चालक की तलाश में जुटी पुलिस पिपरा थानाध्यक्ष किशोर कुमार ने बुधवार देर शाम करीब 8 बजे बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस दुर्घटना की जांच कर रही है। फरार वाहन और चालक की पहचान के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
चार पहिया वाहन ने साइकिल सवार किसान को कुचला, मौत:सुपौल-गुस्साए लोगों ने NH-106 जाम किया; पुलिस के आश्वासन पर हटाया
