![]()
छठ महापर्व को लेकर पटना में गंगा घाटों की तैयारियों में तेजी लाई जा रही है। नगर आयुक्त यशपाल मीणा ने नगर निगम क्षेत्र के 16 गंगा घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को घाटों पर साफ-सफाई, जलनिकासी, पहुंच पथ और सुरक्षा से जुड़े कार्यों को तय समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया, ताकि छठव्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने दीघा पाटीपुल, जेपी सेतु घाट, मीनार घाट, बालू पर, एलसीटी घाट, राजापुर पुल, बांस घाट, कलेक्ट्रेट घाट और महेंद्रू घाट समेत अन्य घाटों की स्थिति देखी। उन्होंने घाटों पर जमा पानी, कीचड़, गड्ढों और आवागमन के रास्तों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को जरूरी काम जल्द पूरा करने को कहा। पानी उतरते ही शुरू होगी घाटों की सफाई मानसून के दौरान गंगा का जलस्तर बढ़ने से कई घाट डूब गए थे। अब पानी कम होने के साथ ही घाटों की सफाई और उन्हें छठ के लिए तैयार करने पर जोर दिया जा रहा है। नगर आयुक्त ने जलजमाव वाले स्थानों से पानी निकालने और कीचड़ हटाने का निर्देश दिया। गड्ढों को भरकर घाटों को समतल करने के लिए पोकलेन समेत अन्य मशीनों की मदद लेने को कहा गया है। पहुंच पथ पर जमा पानी और कीचड़ हटाकर रास्तों को सुगम बनाने पर भी जोर दिया गया। कटाव वाले घाटों पर बनेंगे वैकल्पिक तालाब गंगा में बाढ़ के कारण बांस घाट, पहलवान घाट समेत कुछ कच्चे घाटों पर कटाव हुआ है। ऐसे घाटों पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर आयुक्त ने प्रभावित स्थलों को चिह्नित करने का निर्देश दिया। जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक व्यवस्था के तहत तालाब बनाए जाएंगे, ताकि छठव्रती सुरक्षित स्थान पर अर्घ्य अर्पित कर सकें। कलेक्ट्रेट और महेंद्रू घाट के लिए अलग रास्ते निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि कलेक्ट्रेट घाट और महेंद्रू घाट के लिए इस बार अलग-अलग पहुंच पथ तैयार किए जा रहे हैं। इन घाटों पर पंप के जरिए पानी निकाला जा रहा है। मशीनों की सहायता से गड्ढों को भरकर जमीन समतल की जा रही है, जिससे श्रद्धालुओं को आने-जाने में सुविधा मिल सके। बैरिकेडिंग से लेकर रोशनी तक की होगी व्यवस्था नगर आयुक्त ने घाटों पर सैंडबैग और बांस-बल्ले से बैरिकेडिंग, वॉच टावर, चेंजिंग रूम, पार्किंग और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी तैयारियों की नियमित निगरानी करने को भी कहा।
छठ में कटाव वाले घाटों पर बनेंगे वैकल्पिक तालाब:कलेक्ट्रेट और महेंद्रू घाट के लिए अलग रास्ते, बैरिकेडिंग से लेकर रोशनी तक की होगी व्यवस्था
