![]()
लोहरदगा|पीएम श्री राजकीयकृत मध्य विद्यालय, नवाडी पाड़ा, लोहरदगा के छात्र-छात्राओं का चार दिवसीय एक्सपोजर विजिट सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कक्षा के बाहर देश की वास्तविक ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं वैज्ञानिक धरोहरों से परिचित कराना तथा अनुभवात्मक शिक्षा प्रदान करना था। मार्गदर्शक शिक्षिका सुमित्रा टोप्पो एवं शिक्षक अनूप एक्का के नेतृत्व में छात्र-छात्राओं ने ओडिशा के प्रसिद्ध कोणार्क सूर्य मंदिर, चंद्रभागा सी बीच, ओडिशा जनजातीय संग्रहालय (ट्राइबल म्यूजियम), रीजनल म्यूजियम ऑफ नेचुरल हिस्ट्री, धौली बौद्ध मठ, टेराकोटा म्यूजियम सहित विभिन्न शैक्षणिक एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने प्रत्येक स्थल के इतिहास, संस्कृति, स्थापत्य कला, पर्यावरण एवं वैज्ञानिक पहलुओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने विशेषज्ञों एवं गाइडों से संवाद किया तथा सीखने के हर अवसर का भरपूर लाभ उठाते हुए अपने अनुभवों और महत्वपूर्ण जानकारियों को अपनी अध्ययन डायरी में दर्ज किया। अधिकांश बच्चों के लिए यह यात्रा विशेष रही, क्योंकि उन्होंने पहली बार आरक्षित एसी क्लास में रेल यात्रा की और समुद्र को भी पहली बार देखा। उनके लिए यह भ्रमण किसी सपने के साकार होने जैसा रहा। विद्यार्थियों ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक समझ भी विकसित होती है। उन्होंने सरकार एवं विद्यालय प्रबंधन से भविष्य में भी ऐसे एक्सपोजर विजिट नियमित रूप से आयोजित करने का आग्रह किया।

