Monday, August 31, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

जनगणना कर्मी बनकर महिला के फ्लैट में लूट:बदमाशों ने मारपीट कर जेवर लूटे, महिला को बंधक बनाया, विरोध करने पर तोड़ा दांत


जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े लूट की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। जवाहरनगर रोड नंबर-15 स्थित श्री कृष्णा उद्यान अपार्टमेंट में बदमाश जनगणना विभाग की कर्मचारी बनकर एक महिला के फ्लैट में घुसे और उन्हें बंधक बनाकर लूटपाट की। घटना के समय फ्लैट में अकेली लीलावती अम्मा थीं। जानकारी के अनुसार, एक महिला उनके फ्लैट पर पहुंची और खुद को जनगणना विभाग की कर्मचारी बताया। वह महिला लीलावती से बातचीत कर ही रही थी कि इसी दौरान दो युवक भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि तीनों ने महिला को धक्का देकर फ्लैट के अंदर बंधक बना लिया। इसके बाद करीब आधे घंटे तक उन्हें बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान बदमाशों ने उनके साथ मारपीट की और गले से सोने की चेन तथा कान की बालियां उतरवा लीं। विरोध करने पर बदमाशों ने उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया। मारपीट में लीलावती अम्मा के मुंह में गंभीर चोटें आई हैं और उनका एक दांत भी टूट गया। लूट के बाद बालकनी में किया बंद लूटपाट करने के बाद बदमाशों ने लीलावती अम्मा को फ्लैट की बालकनी में बंद कर दिया और वहां से फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद पीड़िता ने बालकनी से शोर मचाकर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी दी। आवाज सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उन्हें बालकनी से बाहर निकाला। इसके बाद पड़ोसियों ने घटना की जानकारी उनके परिजनों को दी। घटना की सूचना मिलते ही उनके पति बी. एस. पिल्लै मौके पर पहुंचे। वह डिमना स्थित एक ऑटो शोरूम में सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत हैं। दिनदहाड़े फ्लैट में घुसकर महिला को बंधक बनाने और मारपीट के बाद जेवर लूट लिए जाने की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों में भी दहशत फैल गई। अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों के बीच सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस वारदात की सूचना मिलने के बाद मानगो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने पीड़िता से घटना की जानकारी लेने के साथ आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस फुटेज के माध्यम से फ्लैट में आने वाली महिला और उसके साथ पहुंचे दोनों युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात में बदमाशों ने पहले महिला का भरोसा जीतने के लिए खुद को जनगणना विभाग की कर्मचारी बताया और फिर घर में प्रवेश किया। इसके बाद महिला को बंधक बनाकर मारपीट की गई और जेवर लूटे गए। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। वहीं, वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता जताई है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles