![]()
मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुई 14.87 किलो सोना लूट मामले की जांच अब गयाजी तक पहुंच गई है। इस चर्चित बैंक लूट कांड में सुराग मिलने के बाद MP पुलिस की टीम जिले के गुरुआ पहुंची। शहर के कई ज्वेलरी दुकानों में जांच की गई। खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड खंगाले गए। दुकानदारों से भी लंबी पूछताछ की गई। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, गुरुआ थानाध्यक्ष मनेश कुमार ने कहा, ‘फिलहाल जांच चल रही है। इसलिए अभी कुछ भी सटीक नहीं कहा जा सकता है।’ जांच में मिले इनपुट के आधार पर गुरुआ पहुंची MP पुलिस जानकारी के मुताबिक, एमपी पुलिस पिछले कई दिनों से इस मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है। जांच के दौरान कुछ ऐसे इनपुट मिले, जिनके बाद टीम सीधे गुरुआ पहुंची। पुलिस को आशंका है कि लूट का कुछ सोना बिहार के रास्ते खपाने की कोशिश की गई होगी। इसी संभावना को लेकर कार्रवाई की जा रही है। ज्वेलरी दुकानों के रिकॉर्ड की हुई जांच गुरुआ बाजार की कई ज्वेलरी दुकानों में MP पुलिस पहुंची। दुकानों के खरीद-बिक्री रजिस्टर देखे गए। बिल, स्टॉक और अन्य दस्तावेजों की भी जांच हुई। कारोबारियों से यह जानकारी ली गई कि हाल के दिनों में किससे कितना सोना खरीदा गया और किसे बेचा गया। पुलिस हर रिकॉर्ड का मिलान कर रही है। एक युवक से हिरासत में पूछताछ जारी सूत्रों की मानें तो जांच के दौरान एक युवक को हिरासत में लिया और उससे लगातार पूछताछ चल रही है। पुलिस उसके बयान का मिलान दूसरे साक्ष्यों से कर रही है। हालांकि, उसकी भूमिका को लेकर अभी कोई पुलिस की ओर से ठोस जानकारी नहीं दी गई है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति साफ होगी। पहले भी गयाजी पहुंच चुकी हैं जांच एजेंसियां इस मामले में गयाजी पहले भी जांच एजेंसियों के रडार पर रहा है। इससे पहले बिहार एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गया से आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनके पास से तीन किलो से अधिक सोना भी बरामद हुआ था। उसी कार्रवाई के दौरान मिले कुछ नए सुराग के आधार पर अब मध्य प्रदेश पुलिस दोबारा गया पहुंची है। स्थानीय बाजार तक सोना पहुंचा या नहीं, जांच जारी सूत्र बताते हैं कि पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि लूट का सोना स्थानीय बाजार तक पहुंचा या नहीं। यदि पहुंचा तो किन लोगों के माध्यम से उसकी खरीद-बिक्री हुई। इसी वजह से दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। जरूरत पड़ने पर और लोगों से भी पूछताछ हो सकती है।
फिलहाल किसी भी ज्वेलरी कारोबारी की संलिप्तता की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी तरह साक्ष्य और तथ्यों के आधार पर आगे बढ़ रही है। बिना जांच पूरी हुए किसी पर आरोप नहीं लगाया जा सकता।


