![]()
पूर्वी सिंहभूम जिले के प्रमुख पर्यटन स्थल दलमा में पर्यटकों के लिए एक बड़ी सौगात तैयार हो गई है। माकुलाकोचा क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित नया इको रेस्ट हाउस बनकर पूरी तरह तैयार हो चुका है। वन विभाग जल्द ही इसका उद्घाटन कर इसे पर्यटकों के लिए खोलने की तैयारी में है। इस रेस्ट हाउस के शुरू होने से दलमा पर्यटन को नई पहचान मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। यहां बनाए गए 15 कमरे आधुनिक सुविधाओं से लैस हैं, जिससे पर्यटकों को बेहतर ठहरने का अनुभव मिलेगा। परिसर के सामने आकर्षक फाउंटेन भी तैयार किया गया है, जो इसकी खूबसूरती को और बढ़ाता है। खासकर रात के समय रोशनी से जगमगाता यह परिसर पर्यटकों को अपनी ओर आकर्षित करेगा। पिंडराबेड़ा में भी बन रहा हैंगिंग डिजाइन वाला रेस्ट हाउस दलमा टॉप स्थित पिंडराबेड़ा में भी एक और इको रेस्ट हाउस का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। यहां भी 15 कमरों वाला आधुनिक रेस्ट हाउस तैयार किया जा रहा है, जिसकी सबसे खास बात इसका हैंगिंग डिजाइन होगा। इस डिजाइन के तहत भवन का एक हिस्सा पहाड़ से बाहर की ओर लटका हुआ रहेगा, जो पर्यटकों के लिए एक अलग अनुभव देगा। दोनों परियोजनाओं पर करीब 11 करोड़ रुपए की लागत आ रही है। इससे न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि यह क्षेत्र एडवेंचर और नेचर टूरिज्म के लिहाज से भी आकर्षण का केंद्र बन सकेगा। विभाग को उम्मीद है कि इन सुविधाओं के विकसित होने के बाद यहां आने वाले पर्यटकों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी होगी। स्थानीय युवाओं को मिलेगा रोजगार दलमा की प्रभागीय वन पदाधिकारी (डीएफओ) सबा आलम अंसारी ने बताया कि माकुलाकोचा का रेस्ट हाउस पूरी तरह तैयार है और जल्द ही इसे पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पिंडराबेड़ा परियोजना भी अपने अंतिम चरण में है। इन योजनाओं का उद्देश्य पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। रेस्ट हाउस के संचालन की जिम्मेदारी इको विकास समिति को सौंपी जाएगी, जिससे स्थानीय युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा। इसके अलावा, वन विभाग ने बुनियादी ढांचे में भी सुधार किया है। चाकुलिया से माकुलाकोचा स्थित दलमा के मुख्य प्रवेश द्वार तक करीब डेढ़ किलोमीटर लंबी कच्ची सड़क पर लगभग सात लाख रुपए की लागत से पेवर्स ब्लॉक बिछाए गए हैं, जिससे पर्यटकों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।


