![]()
गिरिडीह जिले के हीरोडीह थाना क्षेत्र के धुरैता मोड़ पर रैयती जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद गहरा गया है। पीड़ित ने भू-माफियाओं पर अवैध कब्जा करने, मारपीट और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित आशीष कुमार भदानी ने आरोप लगाया है कि लखन यादव समेत कुछ अन्य लोग जमीन पर अवैध निर्माण कार्य करा रहे थे। जब इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज की और मारपीट की। इस दौरान महिलाओं और बुजुर्गों के साथ भी दुर्व्यवहार करने का आरोप है। उन्होंने पहले भी कई बार पुलिस प्रशासन को इस मामले की जानकारी दी थी। हालांकि, कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण भू-माफियाओं का मनोबल बढ़ा है। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस की ढिलाई के कारण ही दबंग लोग खुलेआम गरीब और असहाय लोगों की जमीन पर कब्जा कर रहे हैं। विरोध करने वालों को डराया-धमकाया जा रहा है और उनके साथ मारपीट भी की जा रही है। दूसरे पक्ष ने आरोप को बेबुनियाद बताया इधर, दूसरे पक्ष के लखन यादव ने कहा कि उक्त जमीन उपेन्द्र सिन्हा की है और वे लोग जमीन पर बॉउंड्री गेट लगवा रहे थे। इसी दौरान आशीष भदानी समेत अन्य लोग वहां पहुंचे और तोड़फोड़ करने लगे। उन्होंने आरोप लगाया कि इस दौरान मारपीट भी की गई। लखन यादव ने कहा कि पहले भी उनसे जमीन के कागजात मांगे गए थे, लेकिन न तो वे कागज दिखाते हैं और न ही कोई स्पष्ट जानकारी देते हैं। इसी बात को लेकर आज विवाद हुआ। उन्होंने कहा कि वे लोग वहां केवल खड़े होकर बीच-बचाव कर रहे थे और उन पर लगाए गए सभी आरोप बेबुनियाद हैं। जमीन विवाद में मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी और स्थिति को शांत कराया गया। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। -महेश चंद्रा, थाना प्रभारी, हीरोडीह

