![]()
जमुई के खैरा प्रखंड के गरही थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। बैजराही गांव के पास सड़क किनारे खड़ा एक पुराना और विशाल आम का पेड़ अचानक भरभराकर सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान वहां से गुजर रहा सवारी ऑटो पेड़ की चपेट में आ गया। देखते ही देखते पूरा ऑटो पेड़ के नीचे दब गया। हादसे के समय ऑटो में चालक समेत तीन लोग सवार थे। पेड़ गिरने से ऑटो में पीछे बैठे दोनों यात्री घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को किसी तरह ऑटो से बाहर निकाला। वहीं चालक ऑटो के अगले हिस्से में बुरी तरह फंस गया। पेड़ का आकार इतना विशाल था कि चालक को निकालना आसान नहीं था। वह करीब दो घंटे से अधिक समय तक क्षतिग्रस्त ऑटो में ही फंसा रहा। चालक के सिर में गंभीर चोट लगने की बात सामने आई है। अचानक भरभराकर सड़क पर गिरा पेड़ प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रविवार दोपहर बैजराही गांव के पास सड़क पर सामान्य रूप से वाहनों की आवाजाही हो रही थी। इसी दौरान अचानक एक पुराना विशाल आम का पेड़ सड़क की ओर गिर गया। पेड़ गिरने के दौरान वहां से गुजर रहा ऑटो उसकी चपेट में आ गया। हादसा इतना अचानक हुआ कि ऑटो चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। पेड़ का भारी तना ऑटो के ऊपर गिरते ही उसका अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक अंदर ही फंस गया, जबकि पीछे बैठे दोनों यात्रियों को चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव में जुट गए। लोगों ने सबसे पहले ऑटो में पीछे बैठे दोनों घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद चालक को निकालने की कोशिश शुरू की गई, लेकिन पेड़ का भारी तना और ऑटो के क्षतिग्रस्त हिस्से रास्ते में बाधा बन रहे थे। दो घंटे तक ऑटो में फंसा रहा चालक, सिर में लगी गंभीर चोट हादसे में फंसे ऑटो चालक की पहचान पिपराटांड़-बड़ीबाग इलाके के धर्मेंद्र यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि धर्मेंद्र यादव पेड़ के नीचे दबे ऑटो में दो घंटे से अधिक समय तक फंसे रहे। इस दौरान स्थानीय लोग उन्हें सुरक्षित निकालने की कोशिश करते रहे। सूचना मिलने के बाद गरही थानाध्यक्ष विपिन पलटा पुलिस जवानों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया। चालक को निकालने के लिए जेसीबी मशीनों की मदद ली गई। पेड़ इतना विशाल था कि उसे हटाने में काफी परेशानी हुई। एक के बाद एक तीन जेसीबी मशीनें मौके पर बुलाई गईं, लेकिन भारी तने के कारण पेड़ को सीधे हटाना संभव नहीं हो सका। इसके बाद आरा मशीन मंगाई गई। तीन जेसीबी भी नहीं हटा सकीं पेड़ रेस्क्यू टीम ने पहले पेड़ को जेसीबी की मदद से हटाने की कोशिश की। हालांकि, पेड़ का आकार और वजन अधिक होने के कारण मशीनों से भी उसे आसानी से हटाया नहीं जा सका। इसके बाद पेड़ को आरा मशीन से काटने का काम शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद पेड़ को काटकर ऑटो के ऊपर से हटाया गया। इसके बाद चालक को क्षतिग्रस्त ऑटो से बाहर निकाला जा सका। चालक को बाहर निकालते ही उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए जमुई सदर अस्पताल भेजा गया। अस्पताल में चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है। हादसे में ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। पेड़ के अचानक सड़क पर गिरने से कुछ समय के लिए आवागमन भी प्रभावित हुआ। सड़क पर दोनों ओर लोगों की भीड़ जुट गई थी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ को हटाने के बाद रास्ते को सामान्य कराया गया। भाई बोला- कुछ देर पहले ही फतेहपुर के पास हुई थी मुलाकात धर्मेंद्र यादव के भाई प्रमोद यादव ने बताया कि वह भी ऑटो चलाते हैं। रविवार को वह गरही से जमुई की ओर सवारी लेकर आ रहे थे, जबकि उनका भाई धर्मेंद्र गरही की तरफ जा रहा था। घटना से कुछ समय पहले ही दोनों भाइयों की फतेहपुर इलाके के पास मुलाकात हुई थी। प्रमोद यादव ने बताया, हम दोनों की कुछ देर पहले ही मुलाकात हुई थी। मैं अपने ऑटो पर सवारी लेकर जमुई की ओर चला आया और मेरा भाई गरही की तरफ चला गया। जमुई पहुंचने के कुछ ही देर बाद फोन आया कि आपके भाई के ऊपर पेड़ गिर गया है। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने के बाद परिजन और अन्य लोग घटनास्थल पर पहुंचे। वहां धर्मेंद्र ऑटो में बुरी तरह फंसा हुआ था। प्रशासन और ग्रामीणों की मदद से करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद जेसीबी और आरा मशीन की मदद से पेड़ को काटकर उसे बाहर निकाला गया। प्रमोद ने बताया कि पेड़ अचानक अपने आप गिर गया। हादसे के बाद परिवार के लोगों में चिंता का माहौल है। वहीं ग्रामीणों ने भी सड़क किनारे खड़े पुराने और जर्जर पेड़ों की जांच कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसे से बचा जा सके।
जमुई में ऑटो पर गिरा आम का पेड़, ड्राइवर फंसा:2 घंटे बाद 3 JCB की मदद से निकाला गया, आरी मशीन से पेड़ को काटा; 2 घायल
