![]()
जमुई में बरहट थाना क्षेत्र के नूमर इलाके में बुधवार देर शाम खेत जुताई के बाद कुएं में नहाने गए एक युवक की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय पवन कुमार यादव, पिता नरेश यादव के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर बरहट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद गुरुवार सुबह शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। पुलिस मामले की जांच कर रही है। बिजली कड़कने से बैलेंस बिगड़ा मृतक के चाचा विपिन यादव ने बताया कि पवन दिनभर खेत की जुताई का काम करने के बाद घर लौटा था। बुधवार शाम करीब आठ बजे तेज बारिश हो रही थी, तभी वह कुएं पर नहाने चला गया। नहाते समय अचानक तेज गर्जना और बिजली कड़कने से वह घबरा गया और संतुलन खो बैठा, जिससे वह सीधे कुएं में जा गिरा। जब तक लोग कुछ समझ पाते, वह गहरे पानी में डूब चुका था। पवन के भाई नीतीश कुमार ने जानकारी दी कि स्थानीय लोगों से कुएं में गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद परिजन और ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला हालांकि, लगभग 35 फीट गहरे कुएं में पानी अधिक होने के कारण उसे तुरंत बाहर नहीं निकाला जा सका। बाद में मोटर पंप लगाकर कुएं का पानी निकाला गया, जिसके बाद काफी मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। इस हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है।

