![]()
जहानाबाद ने शनिवार को अपना 40वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छता, सामाजिक सम्मान और पर्यावरण संरक्षण को समर्पित एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जहानाबाद को 1 अगस्त 1986 को गया जिले से अलग कर एक स्वतंत्र जिले का दर्जा दिया गया था। कार्यक्रम की शुरुआत जिला पदाधिकारी छिरिड़ वाई. भूटिया के नेतृत्व में निकाली गई प्रभात फेरी से हुई। यह प्रभात फेरी हॉस्पिटल मोड़ से अंबेडकर चौक होते हुए कारगिल चौक तक गई। इसमें पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार, जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी, विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राएं, स्काउट एवं गाइड के सदस्य और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। प्रभात फेरी के दौरान स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने स्वयं झाड़ू लगाकर सड़कों की सफाई की और लोगों को स्वच्छता बनाए रखने का संदेश दिया। अधिकारियों ने नागरिकों से अपने घरों, मोहल्लों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने तथा साफ-सफाई को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की। जिला पदाधिकारी ने बताया कि इस वर्ष जिला स्थापना दिवस की थीम “सम्मान” रखी गई है। उन्होंने समाज में प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान मिलने पर जोर दिया, विशेषकर महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा पर। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है और समाज तभी विकसित होगा जब सभी एक-दूसरे के सम्मान और अधिकारों का आदर करेंगे। पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता और सामाजिक सम्मान एक विकसित समाज की पहचान हैं। उन्होंने युवाओं से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने यह भी दोहराया कि पुलिस प्रशासन प्रत्येक नागरिक की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम का समापन जिला समाहरणालय परिसर में वृक्षारोपण के साथ हुआ। जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और अन्य अधिकारियों ने पौधे लगाए। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया गया।


