![]()
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जहानाबाद जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बुधवार को शहर सहित विभिन्न क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा और प्रभात फेरी निकाली गई। इन आयोजनों में जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भी भाग लिया। तिरंगा यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में आम लोग शामिल हुए। बच्चों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर कतारबद्ध होकर यात्रा में हिस्सा लिया। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से पूरा शहर गूंज उठा। यात्रा के दौरान लोगों ने देश की एकता और अखंडता का संदेश दिया, साथ ही हर घर तिरंगा फहराने का संकल्प लिया। जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत भी किया। विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मियों ने हिस्सा लिया
अभियान के तहत प्रभात फेरी का भी आयोजन किया गया, जिसमें जिला पदाधिकारी के साथ जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और कर्मियों ने हिस्सा लिया। सुबह-सुबह निकली इस प्रभात फेरी में अधिकारियों, विद्यार्थियों और आम नागरिकों की सहभागिता रही। प्रभात फेरी के दौरान लोगों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के प्रति जागरूक किया गया। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर महिलाओं में भी उत्साह देखा गया। बड़ी संख्या में महिलाएं तिरंगा यात्रा में शामिल हुईं और हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ीं। महिलाओं की इस भागीदारी ने कार्यक्रम को व्यापक जनसहभागिता प्रदान की। जिला प्रशासन लगातार विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित कर रहा है। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक में राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करना और स्वतंत्रता दिवस को सामूहिक रूप से मनाना है।
