Wednesday, July 29, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

जहानाबाद में वाणावर पहाड़ पर श्रावणी मेला की तैयारी पूरी:सुरक्षा, यातायात और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम; CCTV से होगी निगरानी


जहानाबाद। ऐतिहासिक वाणावर पहाड़ पर आयोजित होने वाले श्रावणी मेले के लिए जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। पवित्र श्रावण माह में लाखों श्रद्धालुओं के संभावित आगमन को देखते हुए सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बुधवार को जिला पदाधिकारी छिरिड वी.वाई. भूटिया और पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने एक संयुक्त प्रेस वार्ता में मेले की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। प्रशासन ने बताया कि मखदुमपुर प्रखंड स्थित वाणावर पहाड़ पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पेयजल, स्वास्थ्य शिविर, शौचालय, हेल्प डेस्क और विश्राम स्थल जैसी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए मेला क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जा सके। गौ घाट, हथियाबोर और पाताल गंगा जैसे क्षेत्रों में भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। पूरे मेला परिसर में दंडाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। उनके साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल भी तैनात रहेगा, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तत्काल और प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। जिला प्रशासन के अनुसार, श्रावणी मेले का विधिवत उद्घाटन गुरुवार को किया जाएगा। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पहाड़ के नीचे से मंदिर परिसर तक पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की गई है, ताकि रात्रि में जलाभिषेक करने वाले भक्तों को कोई असुविधा न हो। प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि मंदिर परिसर के ऊपरी हिस्से में किसी भी प्रकार की दुकान लगाने की अनुमति नहीं होगी। सभी दुकानें पहाड़ के नीचे प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही संचालित की जाएंगी। जिला पदाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जिलेवासियों तथा बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं से प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने, सहयोग बनाए रखने और शांतिपूर्ण व व्यवस्थित तरीके से श्रावणी मेले में शामिल होने की अपील की।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles