
Jharkhand Treasury Scam, रांची (सतीश सिंह की रिपोर्ट): बोकारो और हजारीबाग में सामने आए वेतन घोटाले की परतें खोलने के लिए डॉ. अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में गठित हाई लेवल कमेटी ने अपनी कार्रवाई तेज कर दी है. कमेटी आगामी 8 मई को बोकारो का दौरा कर जमीनी स्तर पर तथ्यों की जांच करेगी.
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई समीक्षा
गुरुवार को हाई लेवल कमेटी ने बोकारो के उपायुक्त (DC) और पुलिस अधीक्षक (SP) के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक की. बैठक के दौरान जिला प्रशासन ने कमेटी को आश्वस्त किया कि घोटाले से संबंधित मांगे गए अधिकांश महत्वपूर्ण दस्तावेज तैयार कर लिए गए हैं और उन्हें शीघ्र उपलब्ध करा दिया जाएगा.
6 वर्षों के वित्तीय दस्तावेजों पर नजर
जांच कमेटी ने बोकारो जिला प्रशासन और पुलिस से पिछले छह वर्षों (2018-2024) के दौरान हुए वेतन भुगतान का पूरा ब्योरा मांगा है. जांच के दायरे में निम्नलिखित दस्तावेज शामिल हैं.
- वेतन मद में आवंटित राशि की पूरी जानकारी
- वित्त विभाग द्वारा किए गए ऑडिट के कागजात
- पूर्व में स्थानीय स्तर पर की गई जांच के निष्कर्ष
दोषियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
मुख्यमंत्री के कड़े रुख के बाद वित्त विभाग सक्रिय है. कमेटी को शुरुआती जांच में ही फर्जी निकासी और वित्तीय अनियमितताओं के पुख्ता संकेत मिले हैं. सभी दस्तावेजों के गहन अध्ययन के बाद कमेटी अपनी अंतिम रिपोर्ट सौंपेगी, जिसके आधार पर घोटाले में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की जाएगी.
The post झारखंड ट्रेजरी घोटाला: 8 मई को बोकारो पहुंचेगी डॉ. अमिताभ की हाई लेवल कमेटी, 6 साल के रिकॉर्ड खंगालने की तैयारी appeared first on Prabhat Khabar.

