![]()
जमालपुर (मुंगेर) के जेएसए मैदान में रविवार को छठे अजय कुमार सिंह बच्चन मेमोरियल महिला फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल खेला गया। इसमें झारखंड की टीम ने दार्जिलिंग को पेनल्टी शूटआउट में 5-3 से हराकर खिताब अपने नाम किया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल नहीं कर सकीं। झारखंड और दार्जिलिंग की मजबूत रक्षापंक्ति के कारण कोई भी खिलाड़ी गोलपोस्ट में गेंद नहीं पहुंचा पाया। मैच गोलरहित बराबरी पर खत्म हुआ, जिसके बाद पेनल्टी शूटआउट का फैसला लिया गया। पेनल्टी शूटआउट में झारखंड की खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए 5-3 से जीत हासिल की। दार्जिलिंग की टीम को उपविजेता बनकर संतोष करना पड़ा। मैच में मनीष कुमार, मोहम्मद रजी, संतोष कुमार सिंह और दिलीप हेंब्रम ने निर्णायक की भूमिका निभाई। फाइनल में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए झारखंड की खिलाड़ी दिव्यानी (जर्सी नंबर छह) को बेस्ट-22 का पुरस्कार मिला। वहीं, पूरे टूर्नामेंट में शानदार खेल दिखाने वाली दार्जिलिंग की कविता सोरेन (जर्सी नंबर आठ) को बेस्ट प्लेयर का पुरस्कार दिया गया। समापन समारोह में मुख्य अतिथि रेलवे के सीडब्ल्यूएम विनय प्रसाद वर्णवाल ने विजेता झारखंड और उपविजेता दार्जिलिंग टीम को ट्रॉफी देकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि रेलवे अपने खेल मैदानों से प्रतिभावान खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मंच दे रहा है। उन्होंने महिला फुटबॉल को बढ़ावा देने वाले बच्चन मेमोरियल के आयोजकों की तारीफ की। इस मौके पर डीन प्रेम प्रकाश, डॉ. अभ्युदय, बीपीकेएमएलसी लालमोहन गुप्ता, प्राचार्य देवराज सुमन, राजद नेता राजू यादव, सचिव रामगोपाल शर्मा, सज्जन सिंह, रिंकू सिंह, संजय, पल्लव अग्रवाल, मिथुन कुमार, ट्विंकल, मृत्युंजय सिंह और प्रहलाद राउत सहित कई खेलप्रेमी और गणमान्य लोग मौजूद थे।
झारखंड ने दार्जिलिंग को 5-3 से हराकर जीता फुटबॉल खिताब:6वें अजय कुमार सिंह बच्चन मेमोरियल महिला फुटबॉल टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला
