भास्कर न्यूज | गिरिडीह शहर के चैताडीह स्थित मातृत्व शिशु स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे शॉर्ट सर्किट से आग लगने के बाद अफरा-तफरी मच गई। आग एसएनसीयू यूनिट के ठीक सामने स्थित नर्स रूम में लगी। घटना के समय एसएनसीयू में आठ नवजात भर्ती थे और उनका इलाज चल रहा था। इनमें दो नवजात ऑक्सीजन सपोर्ट पर थे, जिन्हें तत्काल दूसरे कमरे में शिफ्ट किया गया, जबकि छह नवजात सामान्य रूप से इलाजरत थे। बताया गया कि नर्स रूम में लगे वॉल पंखे के कॉयल में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगी। आग लगने के बाद पंखा दीवार से नीचे गिर गया और नीचे रखे जूते-चप्पल के स्टैंड में आग पकड़ ली। घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था। देखते ही देखते आग ने कमरे के कुछ हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग का धुआं और लपटें देखकर एसएनसीयू में ड्यूटी पर तैनात नर्सों और अन्य स्वास्थ्य कर्मियों को घटना की जानकारी हुई। कर्मियों ने तत्काल सभी नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा लिए जाने से कोई बड़ी क्षति नहीं हुई। घटना के बाद स्वास्थ्य केंद्र में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि स्वास्थ्य कर्मियों की तत्परता से स्थिति को जल्द नियंत्रित कर लिया गया। सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग पंखे में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। घटना के समय एसएनसीयू में आठ नवजात भर्ती थे। सूचना मिलते ही सभी नवजातों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उन्होंने बताया कि घटना के बाद आसपास के क्षेत्र की सफाई कराई जा रही है, ताकि व्यवस्था सामान्य होने के बाद एसएनसीयू में नवजातों को दोबारा भर्ती कर इलाज शुरू किया जा सके।

